पालघर: कार खरीदने के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद, पिता की हत्या कर फरार हुआ बेटा भरूच से गिरफ्तार।
पालघर: कार खरीदने के लिए पैसे मांगने पर हुआ था विवाद, पिता की हत्या कर फरार हुआ बेटा भरूच से गिरफ्तार।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के नवली राम नगर स्थित फिया ओरियन ग्रैंड इमारत की चौथी मंजिल पर रहने वाले मोहनलाल परमार (59) की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके बेटे मुकेश मोहनलाल परमार (24) को गुजरात के भरूच से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कार खरीदने के लिए पैसे मांगने को लेकर आरोपी का अपने पिता से विवाद हुआ था। पिता द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने उनकी हत्या कर दी।
पुलिस के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को शाम लगभग 5:30 बजे विशाल सत्तरसिंग गिरासे ने फोन के माध्यम से सूचना दी कि नवली राम नगर स्थित फिया ओरियन ग्रैंड इमारत की चौथी मंजिल पर रहने वाले मोहनलाल परमार की हत्या हो गई है। सूचना मिलते ही पालघर पुलिस थाने का दल फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचा। मामले की जानकारी जुटाने के बाद भावेश मोहनलाल परमार की विस्तृत शिकायत दर्ज की गई। इसके आधार पर 18 अक्टूबर 2026 को रात 11:01 बजे पालघर पुलिस थाने में अपराध क्रमांक 337/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(3) के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख के मार्गदर्शन और निर्देशों पर पालघर पुलिस थाने तथा पालघर स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा की संयुक्त जांच टीमें गठित की गईं। तकनीकी विश्लेषण और गोपनीय सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी रेलगाड़ी से फरार हो गया है। इसके बाद पुलिस ने उसका पीछा किया और भरूच रेलवे पुलिस की सहायता से मुकेश मोहनलाल परमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी और मृतक पिता-पुत्र थे। मामले की आगे की जांच पालघर पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी पुलिस निरीक्षक किशोर मानभाव कर रहे हैं।
यह कार्रवाई पालघर के पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरळे तथा पालघर विभाग के उपविभागीय पुलिस अधिकारी उमेश गवळी के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पालघर पुलिस थाने के प्रभारी पुलिस निरीक्षक किशोर मानभाव, स्थानीय अपराध शाखा पालघर के पुलिस निरीक्षक प्रदीप पाटील, सहायक पुलिस निरीक्षक मल्हार थोरात, पुलिस उपनिरीक्षक संकेत पगडे, अविनाश वळवी, रमजान शेख और प्रकाश पाटील तथा सहायक पुलिस उपनिरीक्षक सुभाष खंडागळे शामिल रहे।
इसके अलावा पालघर पुलिस थाने के पुलिस हवलदार सुरुम, मुसळे और खरपडे; पुलिस नायक सुयोग कांबळे; पुलिस जवान तांबडा और सचिन गोल्हे; पुलिस कांस्टेबल विशाल कांबळे, राऊत, खेडकर, लोंढे, पाटील, डुमलवाड और वारघडे ने कार्रवाई में भाग लिया। पालघर स्थानीय अपराध अन्वेषण शाखा के पुलिस हवलदार आव्हाड और पाटील ने भी इस कार्रवाई में योगदान दिया।
Comments
Post a Comment