पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।
पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक नगर बोईसर में शुक्रवार 04:00से 04:30 के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना खैरापाडा मेकॉर्ड्स कंपनी के पास विरसा मुंडा चौक के समीप हुई, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त हो गया है।
प्राप्त प्राथमिक जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान डॉ. विष्णू प्रभा के रूप में हुई है, जो बोईसर के कृष्णानगर क्षेत्र की निवासी थीं। बताया जा रहा है कि वह अपनी स्कूटी से कहीं जा रही थीं, तभी अचानक यह हादसा हुआ। हालांकि, दुर्घटना किस प्रकार हुई और किस वाहन से टक्कर हुई, इसकी स्पष्ट पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन की टक्कर के कारण यह घटना हुई, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई।
डॉ. विष्णू प्रभा बोईसर के ओसवाल क्षेत्र स्थित इस्माइल डेंटल क्लिनिक में डॉ. प्रमोद जैन के यहां कार्यरत थीं। उनके आकस्मिक निधन से चिकित्सा क्षेत्र के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों में गहरा शोक व्याप्त है। उन्हें एक मेहनती और समर्पित पेशेवर के रूप में जाना जाता था।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पंचनामा सहित आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हादसे की वास्तविक वजह का पता लगाया जा सके और संबंधित वाहन की पहचान हो सके।
स्थानीय नागरिकों ने इस घटना पर चिंता व्यक्त करते हुए प्रशासन से मांग की है कि विरसा मुंडा चौक और आसपास के क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। साथ ही, दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए गति नियंत्रण, सिग्नल व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने जैसे ठोस कदम उठाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और हादसे के कारणों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं।
Comments
Post a Comment