पालघर: रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे सीकोस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा; कंप्यूटर प्रयोगशाला, बाढ़ प्रभावित विद्यालय और मोची समाज की आजीविका पर हुई चर्चा।
पालघर: रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे सीकोस्ट के प्रतिनिधिमंडल ने किया दौरा; कंप्यूटर प्रयोगशाला, बाढ़ प्रभावित विद्यालय और मोची समाज की आजीविका पर हुई चर्चा।
अखिलेश चौबे
पालघर। रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर के आमंत्रण पर रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे सीकोस्ट के रीगल अध्यक्ष रोटेरियन दिलीप ठाकर, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन सुनील देवनानी और पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन रत्नेश ने गुरुवार को सौराष्ट्र एक्सप्रेस से बोईसर पहुंचकर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, कुपोषण और रोजगार से संबंधित विभिन्न जनहितकारी परियोजनाओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। दौरे का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद विद्यार्थियों, बाढ़ प्रभावित विद्यालयों और समाज के वंचित वर्गों के लिए उपयोगी परियोजनाओं को आगे बढ़ाना था।
प्रतिनिधिमंडल ने सरावली स्थित दीप ग्लोबल स्कूल का दौरा कर विद्यार्थियों के लिए आधुनिक तकनीकी शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कंप्यूटर प्रयोगशाला स्थापित करने के प्रस्ताव पर चर्चा की। इसके बाद चिंचणी स्थित एम.बी. जोशी अंग्रेजी माध्यम विद्यालय का दौरा किया गया। बाढ़ से प्रभावित इस विद्यालय में आवश्यक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और विद्यार्थियों की पढ़ाई सुचारु रूप से जारी रखने के लिए संभावित सहायता पर विचार किया गया।
क्षेत्र में कुपोषण की समस्या के समाधान के लिए डॉ. पराग कुलकर्णी के साथ विशेष चर्चा हुई। जरूरतमंद बच्चों और प्रभावित परिवारों तक पोषण संबंधी सहायता पहुंचाने तथा प्रभावी सामाजिक परियोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अतिरिक्त, मोची समाज के जरूरतमंद लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रस्तावित महत्वाकांक्षी परियोजना पर भी चर्चा हुई। रोटरी के पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन राकेश मिश्रा ने इस परियोजना की जानकारी देते हुए बताया कि इसके अंतर्गत जरूरतमंद लोगों को दुकानें उपलब्ध कराने की योजना है, ताकि वे सम्मानपूर्वक अपना व्यवसाय कर स्थायी आजीविका अर्जित कर सकें।
बैठक में रोटरी क्लब ऑफ बॉम्बे सीकोस्ट के रीगल अध्यक्ष रोटेरियन दिलीप ठाकर ने कहा कि बोईसर क्षेत्र की प्रस्तावित परियोजनाएं सामाजिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि इन प्रस्तावों पर अपने क्लब के पदाधिकारियों और सहयोगियों के साथ चर्चा कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य, तत्कालीन अध्यक्ष एवं परियोजना समन्वयक रामनारायण गोयल, पूर्व अध्यक्ष रोटेरियन राकेश मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष जगदीश भूते और पूर्व अध्यक्ष अश्विनी सामंत सहित अन्य रोटरी सदस्य उपस्थित रहे। शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, रोजगार और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान से जुड़ी अन्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई। विभिन्न परियोजनाओं पर विचार-विमर्श और विद्यालयों के दौरे के बाद प्रतिनिधिमंडल शाम को मुंबई के लिए रवाना हो गया। यह दौरा दोनों रोटरी क्लबों के बीच सहयोग मजबूत करने और बोईसर क्षेत्र में सामाजिक विकास की नई पहल आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
Comments
Post a Comment