पालघर: दीप ग्लोबल स्कूल, बोईसर में ‘त्रिवेणी अंतरविद्यालयीन साहित्य महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन, डॉ. एस. डी. वर्तक स्कूल बना समग्र विजेता।

पालघर: दीप ग्लोबल स्कूल, बोईसर में ‘त्रिवेणी अंतरविद्यालयीन साहित्य महोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन, डॉ. एस. डी. वर्तक स्कूल बना समग्र विजेता।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर स्थित दीप ग्लोबल स्कूल तथा मर्मबंध साहित्य व कला संस्था, पालघर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘त्रिवेणी अंतरविद्यालयीन साहित्य महोत्सव 2026’ दीप एजुकेशन कैंपस में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। महोत्सव में बोईसर और आसपास के क्षेत्रों के 20 से अधिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी साहित्यिक प्रतिभा, रचनात्मकता और भाषाई कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में डॉ. एस. डी. वर्तक स्कूल ने समग्र विजेता की ट्रॉफी अपने नाम की।
अंग्रेजी, हिंदी और मराठी भाषाओं पर आधारित इस महोत्सव में कविता पाठ, एकपात्रीय अभिनय और हाइकु लेखन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशक्ति, अभिव्यक्ति क्षमता और भाषाई दक्षता का परिचय देते हुए उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर मर्मबंध साहित्य व कला संस्था के अध्यक्ष ने पालघर जिले में साहित्य, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए संस्था द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने नवोदित साहित्यकारों को मंच उपलब्ध कराने और साहित्यिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में संस्था की भूमिका पर प्रकाश डाला।

दीप ग्लोबल स्कूल की प्रधानाचार्या वृंदा कुलकर्णी ने कहा कि साहित्यिक प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों में भाषाई दक्षता, सृजनात्मक चिंतन और आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 की बहुभाषिक शिक्षा की अवधारणा को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न भाषाओं के साहित्य से जुड़ने और अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्राध्यापक विवेक कुडू ने प्रभावशाली भाषाई अभिव्यक्ति, शब्दों के उचित चयन, विचारों की स्पष्टता और आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुति देने के महत्व पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कविता पाठ, एकपात्रीय अभिनय और हाइकु लेखन की विशेषताओं को समझाते हुए उपयोगी सुझाव दिए।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन अनुभवी शिक्षकों के निर्णायक मंडल ने किया। निर्णायकों में चारू शाह, ज्ञानदेव कुंभार, अनिता मोहने, जागृति चौधरी, मंजु गुप्ता और प्रचिती सोरठी शामिल थे।
आयोजन की सफलता में दीप एजुकेशन कैंपस की अध्यक्षा डॉ. दीपा संखे के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के लिए आयोजकों ने उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मर्मबंध साहित्य व कला संस्था की ओर से अनिल करवीर, शिल्पा करवीर, सुहास राऊत, सुजाता राऊत और दिनेश तारवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

समापन अवसर पर प्रधानाचार्या वृंदा कुलकर्णी ने घोषणा की कि दीप ग्लोबल स्कूल, मर्मबंध साहित्य व कला संस्था के सहयोग से प्रतिवर्ष ऐसे साहित्यिक आयोजन करेगा, ताकि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भाषाई कौशल विकसित करने के अधिक अवसर मिल सकें।
तीन भाषाओं के संगम पर आधारित इस महोत्सव ने विद्यार्थियों में साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने, रचनात्मकता को प्रोत्साहित करने और बहुभाषिक संस्कृति को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।