पालघर: जिले में किसान कर्जमाफी योजना की चौथी सूची जारी, 1,191 किसानों को मिलेगा लाभ।

पालघर: जिले में किसान कर्जमाफी योजना की चौथी सूची जारी, 1,191 किसानों को मिलेगा लाभ।

अखिलेश चौबे 
पालघर। प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को कर्ज के बोझ से राहत दिलाने के लिए संचालित पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान कर्जमुक्ति योजना 2026 के अंतर्गत पालघर जिले के लाभार्थियों की चौथी सूची जारी कर दी गई है। अब तक चार सूचियों में कुल 12,351 पात्र किसानों को शामिल किया गया है। इनमें से आधार प्रमाणीकरण पूरा करने वाले 8,310 किसानों को लगभग 47 करोड़ 37 लाख रुपये की सहायता वितरित की जा चुकी है।
महाराष्ट्र में प्राकृतिक आपदाओं के कारण आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को राहत देने के लिए इस योजना की घोषणा की गई थी। 30 सितंबर 2025 तक फसल ऋण बकाया रखने और 31 मार्च 2026 तक ऋण का भुगतान नहीं कर पाने वाले पात्र किसानों को दो लाख रुपये तक की कर्जमाफी देने का प्रावधान है। वहीं, ऋण लेकर नियमित रूप से भुगतान करने वाले किसानों को प्रोत्साहन के रूप में 50 हजार रुपये तक की सहायता देने की योजना है।
पालघर जिले में इससे पहले 10,444 किसानों की पहली सूची, 479 पात्र किसानों की दूसरी सूची और 206 पात्र किसानों की तीसरी सूची जारी की गई थी। इसके बाद 22 अक्टूबर 2026 को 1,191 पात्र किसानों की चौथी सूची घोषित की गई। इस प्रकार चारों सूचियों में कुल 12,351 पात्र किसानों को शामिल किया गया है।
योजना के अंतर्गत पहली सूची के 5,169 किसानों को 29 करोड़ 20 लाख 43 हजार रुपये, दूसरी सूची के 2,615 किसानों को 14 करोड़ 81 लाख 71 हजार 224 रुपये और तीसरी सूची के 526 किसानों को 3 करोड़ 35 लाख रुपये वितरित किए गए हैं। अब तक कुल 8,310 किसानों को लगभग 47 करोड़ 37 लाख रुपये का लाभ मिला है।
जिले की चारों सूचियों में शामिल 12,351 पात्र किसानों में से 10,028 किसानों ने आधार प्रमाणीकरण पूरा कर लिया है, जबकि 2,323 किसानों का प्रमाणीकरण अभी लंबित है। जिला उपनिबंधक किशन रत्नाळे ने संबंधित किसानों से अपील की है कि वे जल्द से जल्द अपना आधार प्रमाणीकरण पूरा करें। इसके लिए किसान अपने नजदीकी आपले सरकार सेवा केंद्र, जिला मध्यवर्ती बैंक की शाखा अथवा संबंधित बैंक से संपर्क कर सकते हैं।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।