पालघर: बोईसर में हिंदी राजभाषा के सम्मान में विराट कवि सम्मेलन, कवियों की रचनाओं ने बांधा समां।भजन और राधाकृष्ण की झांकी ने मोहा मन।
पालघर: बोईसर में हिंदी राजभाषा के सम्मान में विराट कवि सम्मेलन, कवियों की रचनाओं ने बांधा समां।
भजन और राधाकृष्ण की झांकी ने मोहा मन।
अखिलेश चौबे
पालघर। राजभाषा हिंदी के सम्मान और प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से सामाजिक संस्था राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ की ओर से शुक्रवार, 2 अक्टूबर 2026 को औद्योगिक शहर बोईसर स्थित टीमा हॉल में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम और विराट कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। आयोजन के छठे वर्ष में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में हरि भजन मंडल की भजन संध्या, श्री राधाकृष्ण की मनोहारी झांकी, सुदामा चरित्र की भावपूर्ण प्रस्तुति और कवि सम्मेलन ने उपस्थित श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध रचनाकार शिरीष नाडकर्णी उपस्थित रहे। उनके साथ अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती और छत्रपति शिवाजी महाराज का पूजन किया। पंडित प्रेमशंकर तिवारी के स्वस्तिवाचन और शंखनाद के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत बोईसर के हरि भजन मंडल की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत भजनों की श्रृंखला से हुई। भक्तिमय प्रस्तुतियों ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके बाद श्री राधाकृष्ण की आकर्षक झांकी प्रस्तुत की गई, जिसे देखकर दर्शक भावविभोर हो उठे। वहीं, सुदामा चरित्र की मार्मिक प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
वीर रस और श्रृंगार रस के कवि दीपक श्रीवास्तव ‘दीप’ के कुशल संचालन में विराट कवि सम्मेलन आयोजित हुआ। इसमें विभिन्न काव्य विधाओं के कवियों और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं का मनोरंजन किया और खूब सराहना बटोरी।
कवि हृदय खुशबू यादव, रुपाली राऊत, संगीता पाटील, खुशबू गोयल, प्रदीप कुमार मिश्र, प्रभुनाथ चतुर्वेदी और मंच संचालक दीपक ‘दीप’ ने अपनी काव्य प्रस्तुतियों से खूब वाहवाही लूटी। उनकी रचनाओं पर सभागार में बार-बार तालियां गूंजती रहीं और श्रोताओं ने काव्य संध्या का भरपूर आनंद लिया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रमुख पदाधिकारियों यजुर्वेद सावे, रोहित सिंह, लक्ष्मण वेदाणे, पवन उपाध्याय, पिंटू मिश्रा, विनोद शर्मा, डी.एन. सिंह, कुंदन ओझा, सुमित ठाकुर और राकेश शर्मा का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इसके साथ ही मातृशक्ति की शैलबाला सिंह यादव, तनु सिंह, शिल्पा सावे, कुसुम सिंह और पुष्पा तिवारी ने भी कई महीनों से आयोजन की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर उपस्थित प्रबुद्धजनों, मीडियाकर्मियों और शुभचिंतकों का संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों ललित माली और एस.एस. तिवारी ने सत्कार किया तथा उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में वंदे मातरम् का सामूहिक गायन हुआ। इसके पश्चात कार्यक्रम के संचालक आदेश श्रीवास्तव ने आयोजन के समापन की घोषणा की। हिंदी भाषा के सम्मान, साहित्य, भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं को समर्पित इस आयोजन में उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
Comments
Post a Comment