पालघर: जिले के हनुमाननगर और नेवाले के सूर्या परियोजना प्रभावित खातेदारों को बड़ी राहत, जमीन के रिकॉर्ड की होगी समीक्षा।
पालघर: जिले के हनुमाननगर और नेवाले के सूर्या परियोजना प्रभावित खातेदारों को बड़ी राहत, जमीन के रिकॉर्ड की होगी समीक्षा।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले तालुका के मौजे हनुमाननगर और मौजे नेवाले में सूर्या परियोजना से प्रभावित खातेदारों के जमीन संबंधी अभिलेखों को लेकर राज्य मंत्रिमंडल ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस फैसले के तहत संबंधित मामलों की समीक्षा कर पात्र खातेदारों के भूमि रिकॉर्ड को अद्यतन किया जाएगा और नए 7/12 उतारे तैयार किए जाएंगे।
निर्णय के अनुसार, महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 की धारा 257 के अंतर्गत प्रत्येक मामले की अलग-अलग समीक्षा की जाएगी। इस प्रक्रिया में उपलब्ध भूमि आवंटन आदेशों, राजस्व अभिलेखों, जमीन पर वास्तविक कब्जे, खेती के उपयोग तथा आवश्यक क्षेत्रीय सत्यापन के आधार पर पात्र खातेदारों के रिकॉर्ड को अद्यतन किया जाएगा।
नए 7/12 उतारे उपलब्ध होने से पात्र खातेदारों को जमीन से जुड़े लेन-देन, फसल ऋण, फसल बीमा तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने में मदद मिलेगी। इससे संबंधित जमीन के स्वामित्व और अभिलेखों की स्थिति स्पष्ट करने की प्रक्रिया को भी सहायता मिलेगी।
वधावन बंदरगाह से संबंधित ग्रीनफील्ड महामार्ग की भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया में भी इस निर्णय का महत्व है। भूमि अभिलेख अद्यतन होने से संबंधित जमीनधारकों के अधिकारों की जांच और आगे की प्रशासनिक कार्यवाही को सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।
जिला प्रशासन की ओर से राजस्व, पुनर्वास और भूमि अभिलेख विभागों के समन्वय से यह प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पूरी की जाएगी। संबंधित मामलों की जांच, उपलब्ध दस्तावेजों का सत्यापन और पात्र खातेदारों के अभिलेखों को अद्यतन करने की कार्यवाही नियमानुसार की जाएगी।
राज्य मंत्रिमंडल के इस निर्णय से पालघर तालुका के हनुमाननगर और नेवाले के सूर्या परियोजना प्रभावित पात्र खातेदारों के जमीन संबंधी रिकॉर्ड को व्यवस्थित करने तथा उन्हें आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
Comments
Post a Comment