पालघर: ड्रोन प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा नया रोजगार, महाराष्ट्र में मुफ्त कोर्स और लाइसेंस की सुविधा।

पालघर: ड्रोन प्रशिक्षण से युवाओं को मिलेगा नया रोजगार, महाराष्ट्र में मुफ्त कोर्स और लाइसेंस की सुविधा।

अखिलेश चौबे 
पालघर। आधुनिक तकनीक के दौर में ड्रोन का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और अब इसे रोजगार का नया साधन बनाने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। राज्य सरकार की स्वायत्त संस्था ‘अमृत’ (महाराष्ट्र संशोधन, उन्नती व प्रशिक्षण प्रबोधिनी) के माध्यम से युवाओं को मुफ्त ड्रोन प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे प्रमाणित ड्रोन पायलट बनकर अपना व्यवसाय शुरू कर सकें।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम ‘अमृत ड्रोन मिशन’ के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। इसमें 10 दिनों का आवासीय कोर्स पूरी तरह निःशुल्क होता है, जिसमें रहने-खाने की व्यवस्था भी संस्था द्वारा ही की जाती है। प्रशिक्षण के बाद प्रतिभागियों को ड्रोन उड़ाने का अधिकृत लाइसेंस भी दिया जाता है।
विशेषज्ञों के अनुसार, ड्रोन का उपयोग आज कृषि, भूमि सर्वेक्षण, फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी, आपदा प्रबंधन और सरकारी परियोजनाओं की निगरानी जैसे कई क्षेत्रों में किया जा रहा है। ऐसे में प्रशिक्षित ड्रोन ऑपरेटरों की मांग तेजी से बढ़ रही है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं के लिए आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में करियर के नए रास्ते खुल रहे हैं।
अब तक इस योजना का लाभ 100 से अधिक युवाओं को मिल चुका है, जिनमें से कई ने प्रशिक्षण के बाद अच्छा रोजगार भी प्राप्त किया है। इस कोर्स की गुणवत्ता को देखते हुए गोवा सरकार ने भी अपने अधिकारियों को इसी संस्थान से प्रशिक्षण दिलवाया है।
यह योजना विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के युवाओं के लिए बनाई गई है, जिनकी वार्षिक आय 8 लाख रुपये से कम है। आवेदन करने वाले उम्मीदवार की आयु 18 से 55 वर्ष के बीच होनी चाहिए और कम से कम 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही, मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र भी अनिवार्य है।
इच्छुक उम्मीदवार ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या अपने जिले के अमृत कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। संस्था की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और पेपरलेस है।
सरकार की इस पहल को युवाओं के लिए आत्मनिर्भर बनने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है, जिससे वे तकनीक के साथ जुड़कर स्वरोजगार के नए अवसर तलाश सकें।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।