पालघर: डॉ. दीपा धनंजय संखे को “मर्मबंध सम्मान 2026”, शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान।बोईसर के टिमा हॉल में भव्य समारोह, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का भी हुआ सम्मान।
पालघर: डॉ. दीपा धनंजय संखे को “मर्मबंध सम्मान 2026”, शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान।
बोईसर के टिमा हॉल में भव्य समारोह, विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं का भी हुआ सम्मान।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक नगर बोईसर स्थित टिमा हॉल में शनिवार, 23 मई 2026 को आयोजित “मर्मबंध सम्मान समारोह 2026” में दीप कैंपस की चेयरपर्सन डॉ. दीपा धनंजय संखे को शिक्षा क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए “मर्मबंध सम्मान 2026” से सम्मानित किया गया। इस गरिमामय समारोह का आयोजन मर्मबंध साहित्य एवं कला संस्था, पालघर द्वारा किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्षा मा. सौ. नम्रता माळी-पाटील ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में एनजीएल फाईन केम प्रायव्हेट लिमिटेड के डायरेक्टर मा. श्री राहुल नचाणे उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनेक मान्यवरों को सम्मानित किया गया।
डॉ. दीपा धनंजय संखे को यह सम्मान शिक्षा क्षेत्र में उनके दूरदर्शी नेतृत्व, विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु किए जा रहे सतत प्रयास, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता तथा समाजोन्मुख शैक्षणिक कार्यों के लिए प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के पश्चात अपने संबोधन में उन्होंने मर्मबंध साहित्य एवं कला संस्था द्वारा मराठी भाषा, संस्कृति एवं कला के संरक्षण और संवर्धन के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
उन्होंने कहा कि दीप कैंपस से शिक्षित शिक्षक साहित्य और समाज प्रबोधन के माध्यम से ज्ञान का प्रसार कर रहे हैं तथा दीप कैंपस ऐसे सामाजिक एवं शैक्षणिक उपक्रमों को सदैव सहयोग देता रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पुरस्कार विजेताओं का संघर्ष, उनकी सफलता और उनकी दृढ़ इच्छाशक्ति विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत होती है, जिससे एक सक्षम, संवेदनशील और सशक्त समाज का निर्माण संभव है।
समारोह में साहित्य, कला, खेल, सामाजिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को भी सम्मानित किया गया। इनमें साहित्य क्षेत्र से प्रा. विवेक वसंत कुडू, कला क्षेत्र से सौ. प्रीती संतोष शिंदे, खेल क्षेत्र से जळतरणपटू शुभम धनंजय वनमाळी, सामाजिक क्षेत्र से सौ. हेमांगी सांबरे-पाटील, व्यावसायिक क्षेत्र से श्री विजय सिताराम पिंगळे, महिला विशेष सम्मान हेतु कु. निशा लक्ष्मण सांबरे तथा पालघर जिला विशेष व्यक्तित्व सम्मान से श्री प्रशांत प्रभाकर पाटील का समावेश रहा। कार्यक्रम में प्रस्तुत “स्त्री-शक्ति” नामक शास्त्रीय नृत्य विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समारोह में बोईसर एवं पालघर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, शिक्षाविद, साहित्यकार, पत्रकार एवं समाजसेवक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इनमें एसटीएस ह्युंदाई के एमडी श्री धनंजय संखे, समाजसेवक प्रशांत पाटील, वरिष्ठ पत्रकार श्री रमाकांत पाटील, दीप ग्लोबल स्कूल की मुख्याध्यापिका वृंदा कुलकर्णी तथा आर.एच.एम. पंडित महाविद्यालय, सफाळे की मुख्याध्यापिका मधुमती कुलकर्णी सहित संस्था के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित थे। डॉ. दीपा धनंजय संखे को प्राप्त यह प्रतिष्ठित सम्मान दीप कैंपस परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बना। विद्यार्थियों, शिक्षकों, पालकों तथा कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यों की सराहना की।
Comments
Post a Comment