पालघर: सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और स्नायडर इलेक्ट्रिक इंडिया से रोशन गुहिर, हर घर तक बिजली और पानी पहुँचा।गुहिर बना सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर गांव, सचिन तेंदुलकर ने किया प्रकल्प का लोकार्पण।

पालघर: सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और स्नायडर इलेक्ट्रिक इंडिया से रोशन गुहिर, हर घर तक बिजली और पानी पहुँचा।
गुहिर बना सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर गांव, सचिन तेंदुलकर ने किया प्रकल्प का लोकार्पण।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के वाडा तहसील स्थित गुहिर गांव ने सौर ऊर्जा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन और स्नायडर इलेक्ट्रिक इंडिया के संयुक्त प्रयासों से यहां सौर ऊर्जा आधारित परियोजना का सफलतापूर्वक निर्माण किया गया, जिसका लोकार्पण स्वयं भारतरत्न और विश्वप्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर के हाथों मंगलवार को किया गया।
इस अवसर पर दीपक शर्मा, भरत काकड़े, सारा तेंदुलकर, सानिया तेंदुलकर, ग्राम सरपंच सरिता गायकर, स्थानीय नागरिकों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्कूली विद्यार्थी उपस्थित रहे। इस परियोजना के लिए BAIF विकास अनुसंधान फाउंडेशन द्वारा तकनीकी सहयोग प्रदान किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिन तेंदुलकर ने कहा कि यदि गांवों में पर्यावरण संतुलन बनाए रखते हुए समग्र विकास करना है, तो नागरिकों की एकजुटता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जीवन स्तर सुधारने, आजीविका को मजबूत करने और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए विश्वसनीय एवं सतत ऊर्जा की उपलब्धता बेहद जरूरी है। अनियमित विद्युत आपूर्ति और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता आज भी ग्रामीण क्षेत्रों के लिए चुनौती बनी हुई है, जिसे स्वच्छ और उन्नत ऊर्जा तकनीकों के माध्यम से दूर किया जा सकता है।
इस परियोजना के अंतर्गत गुहिर गांव में 40 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया गया है, जिससे गांव के 113 घरों, एक स्कूल, आंगनवाड़ी, ग्राम पंचायत कार्यालय और 35 सड़क लाइटों को निरंतर बिजली आपूर्ति संभव हो सकेगी। इसके साथ ही सौर ऊर्जा आधारित जल आपूर्ति परियोजना भी लागू की गई है, जिसके माध्यम से प्रत्येक घर तक नल के जरिए स्वच्छ पेयजल पहुंचाया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, सौर ऊर्जा के माध्यम से आटा चक्की, कृषि उत्पाद प्रसंस्करण केंद्र तथा गांवदेवी और वैतरणा जल उपयोग समूह से जुड़े 60 किसानों की 60 एकड़ भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान की जाएगी। इससे किसानों को धान की खेती के साथ-साथ रबी सीजन में सब्जियां, फल बागान और फूलों की खेती करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान एक स्कूली छात्रा द्वारा दिए गए भावनात्मक भाषण से सचिन तेंदुलकर भावुक हो गए। उन्होंने छात्रा को अपने पास बुलाकर उसकी सराहना की और पीठ थपथपाकर उसका उत्साहवर्धन किया।
इस पहल के माध्यम से गुहिर गांव न केवल सौर ऊर्जा से आत्मनिर्भर बना है, बल्कि यह देश के अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के लिए भी एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभरकर सामने आया है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।