पालघर: सामाजिक एकता और मानवता का अनूठा उदाहरण: माहीम में स्नेह परिवार का वार्षिक स्नेहसंमेलन उत्साहपूर्वक संपन्न।

पालघर: सामाजिक एकता और मानवता का अनूठा उदाहरण: माहीम में स्नेह परिवार का वार्षिक स्नेहसंमेलन उत्साहपूर्वक संपन्न।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के माहीम में स्नेह परिवार द्वारा आयोजित वार्षिक स्नेहसंमेलन माहीम शिक्षण संस्थान के अंतर्गत भुवनेश कीर्तने विद्यालय में अत्यंत उत्साह, सामाजिक प्रतिबद्धता और मानवता की भावना के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे, जिससे कार्यक्रम का महत्व और अधिक बढ़ गया।
स्नेह परिवार की स्थापना कोरोना काल के दौरान हुई थी, जब लोग अपने घरों में सीमित रहने को विवश थे। उस कठिन समय में परिवार के सदस्यों ने प्रतिदिन कम से कम दस लोगों से दूरभाष के माध्यम से संपर्क कर उनकी कुशलक्षेम पूछने का संकल्प लिया। इस पहल का उद्देश्य लोगों के मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाए रखना था। इसी प्रेरणा से अशोक वायकुळ और उनकी पत्नी ममता वायकुळ, जो बोरीवली के निवासी हैं, ने व्हाट्सएप समूह के माध्यम से इस परिवार को एक संगठित स्वरूप प्रदान किया।
स्नेह परिवार का प्रमुख उद्देश्य समाज के जरूरतमंद वर्ग की सहायता करना तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं को सहयोग देना है। वर्तमान समय में इस परिवार से मुंबई, पालघर, ठाणे, बदलापुर, रत्नागिरी सहित देश-विदेश के लगभग 565 सदस्य जुड़े हुए हैं। इस संगठन की विशेषता यह है कि इसमें न तो कोई सदस्यता शुल्क लिया जाता है, न ही आयु की कोई सीमा निर्धारित है और न ही जाति या धर्म के आधार पर कोई भेदभाव किया जाता है।
संमेलन के अध्यक्ष अशोक वायकुळ ने अपने संबोधन में बताया कि इस परिवार के माध्यम से पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 30 लाख रुपये की आर्थिक एवं वस्तुरूप सहायता विभिन्न जरूरतमंद व्यक्तियों और संस्थाओं को प्रदान की जा चुकी है। इसके अतिरिक्त परिवार द्वारा प्रत्येक वर्ष आनंदवन, हेमलकसा और सोमनाथ जैसे सेवा प्रकल्पों के अध्ययन दौरे भी आयोजित किए जाते हैं।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक निवृत्त कला शिक्षक विनय पाटील ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में माहीम ग्राम पंचायत की सरपंच प्रीती अरुण पाटील तथा विशेष अतिथि के रूप में भुवनेश कीर्तने विद्यालय के अध्यक्ष चेतन म्हात्रे उपस्थित रहे। दोनों अतिथियों ने स्नेह परिवार के कार्यों की सराहना करते हुए अपनी शुभकामनाएं दीं तथा आर्थिक सहयोग भी प्रदान किया।
पालघर क्षेत्र से सतीश जागुष्टे और प्रदीप म्हात्रे का भी कार्यक्रम में विशेष योगदान रहा, जिसकी सभी ने सराहना की।
इस अवसर पर समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों — शरद सावे, रंजना संखे, प्रकाश वैद्य, नरेंद्र गाला, शुभम पाटील, सलोनी पाटील तथा अल्पेश जागुष्टे को सम्मान पत्र, पुष्पगुच्छ, पुस्तक एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान पत्र का वाचन प्रा. संजय घरत द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के समापन चरण में “गीत तृप्ती” नामक संगीत प्रस्तुति ने वातावरण को संगीतमय बना दिया। इस प्रस्तुति में मराठी और हिंदी गीतों की उत्कृष्ट प्रस्तुति चंद्रशेखर ठाकूर और तृप्ती सरदेसाई द्वारा दी गई, जिसे उपस्थित जनसमूह ने भरपूर सराहा। कार्यक्रम का सफल संचालन पूनम मनीष पाटील ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन आशीष सावे द्वारा व्यक्त किया गया।
यह स्नेहसंमेलन सामाजिक एकता, पारस्परिक सहयोग और मानवता के मूल्यों को सुदृढ़ करने वाला सिद्ध हुआ। कार्यक्रम ने उपस्थित सभी लोगों को समाज सेवा के प्रति प्रेरित करते हुए यह संदेश दिया कि सामूहिक प्रयासों से समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।