पालघर: बोईसर–पालघर पत्रकार संघ देगा “विशेष जीवन रक्षक पुरस्कार”"पत्रकार दिवस पर पालघर नगर परिषद के अग्निशमन दल के पाँच जवान होंगे सम्मानित"

पालघर: बोईसर–पालघर पत्रकार संघ देगा “विशेष जीवन रक्षक पुरस्कार”
"पत्रकार दिवस पर पालघर नगर परिषद के अग्निशमन दल के पाँच जवान होंगे सम्मानित"

अखिलेश चौबे 
पालघर। पत्रकार दिवस (6 जनवरी) के अवसर पर बोईसर–पालघर पत्रकार संघ (पंजीकृत) की ओर से मंगलवार, 6 जनवरी 2026 को सुबह 11 बजे टीमा हॉल, एम.आई.डी.सी., बोईसर में पत्रकार दिवस समारोह का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर पालघर नगर परिषद के अग्निशमन दल के पाँच बहादुर जवानों को “विशेष जीवन रक्षक पुरस्कार–2025” प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
सम्मानित किए जाने वाले जवानों में सुचित मोहन दवणे (लीडिंग फायरमैन), योगेश गोविंद दिवा (फायरमैन), मुकेश नागेश पाटील (फायरमैन), मोहनिश हरेश्वर पागरे (फायरमैन) तथा नितीन गंगाराम खेडाडे (यंत्रचालक) शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, इन जवानों ने 3 दिसंबर 2025 को पालघर जिले के जुना सातपाटी मार्ग स्थित काशीगांव (धनसार) क्षेत्र की ग्रीन पार्क इमारत में लगी भीषण आग के दौरान अद्वितीय साहस, तत्परता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया था। अचानक लगी आग से इमारत में भयावह स्थिति उत्पन्न हो गई थी।
घटना की सूचना मिलते ही पालघर नगर परिषद का अग्निशमन दल तत्काल मौके पर पहुँचा और अत्यंत जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में आग पर नियंत्रण पाया। इस दौरान इमारत की तीसरी मंजिल पर फँसे वृद्धों, महिलाओं और दो छोटे बच्चों सहित कुल पाँच नागरिकों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनका जीवन बचाया गया।
बोईसर–पालघर पत्रकार संघ के अनुसार, पालघर नगर परिषद के अग्निशमन जवानों द्वारा किया गया यह कार्य मानवीय संवेदनशीलता, साहस और सामाजिक दायित्व का उत्कृष्ट उदाहरण है। इसी उल्लेखनीय सेवा के सम्मान में महाराष्ट्र के आद्य पत्रकार ‘दर्पणकार’ आचार्य बालशास्त्री जांभेकर की जयंती, अर्थात पत्रकार दिवस के अवसर पर इन जवानों को “विशेष जीवन रक्षक पुरस्कार–2025” देकर सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी बोईसर–पालघर पत्रकार संघ के अध्यक्ष रामप्रकाश निराला ने मीडिया कर्मियों को दी।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।