पालघर: जिला परिषद चुनाव से पहले डहाणू में बड़ा राजनीतिक बदलाव, सैकड़ों कार्यकर्ता शिवसेना में शामिल।
पालघर: जिला परिषद चुनाव से पहले डहाणू में बड़ा राजनीतिक बदलाव, सैकड़ों कार्यकर्ता शिवसेना में शामिल।
अखिलेश चौबे
पालघर। आगामी जिला परिषद चुनाव को लेकर पालघर जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी कड़ी में डहाणू तालुका में एक बड़ा राजनीतिक परिवर्तन देखने को मिला है। कम्युनिस्ट पार्टी सहित विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने जिला प्रमुख कुंदन संखे की उपस्थिति में पालघर में शिवसेना में औपचारिक रूप से प्रवेश किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, स्थानीय पदाधिकारी एवं शिवसेना के नेता मौजूद रहे। शिवसेना में हुए इस व्यापक प्रवेश को जिला परिषद चुनाव की रणनीति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि डहाणू जैसे आदिवासी और ग्रामीण बहुल क्षेत्र में यह घटनाक्रम शिवसेना को मजबूत स्थिति में ला सकता है।
गौरतलब है कि हाल ही में पालघर जिले में हुए नगर परिषद चुनाव में डहाणू और पालघर नगर परिषदों में शिवसेना को निर्णायक जीत मिली थी। स्थानीय लोगों और राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन दोनों स्थानों पर मिली सफलता के पीछे जिला प्रमुख कुंदन संखे की संगठनात्मक क्षमता, जमीनी पकड़ और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद अहम कारण रहा।
प्रवेश कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रमुख कुंदन संखे ने कहा कि शिवसेना आम लोगों की समस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है और आगे भी विकास, रोजगार तथा आदिवासी हितों के मुद्दों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए विश्वास जताया कि यह एकजुटता आने वाले जिला परिषद चुनाव में ऐतिहासिक परिणाम देगी।
राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि डहाणू तालुका में हुए इस बड़े पैमाने के प्रवेश से विपक्षी दलों की चिंता बढ़ गई है और पालघर जिले में शिवसेना की स्थिति और अधिक सशक्त होती नजर आ रही है।
Comments
Post a Comment