पालघर: जिले में उत्साह के साथ मनाया गया भारतीय गणतंत्र दिवस समारोह, पालक मंत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज।
पालघर: जिले में उत्साह के साथ मनाया गया भारतीय गणतंत्र दिवस समारोह, पालक मंत्री ने फहराया राष्ट्रीय ध्वज।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में भारत का 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह, गौरव और अनुशासन के साथ मनाया गया। यह भव्य समारोह पुलिस परेड मैदान, कोलगांव, पालघर में आयोजित किया गया, जहां मुख्य शासकीय ध्वजारोहण महाराष्ट्र के वन मंत्री तथा पालघर जिले के पालक मंत्री गणेश नाईक के हाथों संपन्न हुआ।
इस अवसर पर पालक मंत्री गणेश नाईक ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन और जनसहभागिता के संयुक्त प्रयासों से पालघर जिला शीघ्र ही न केवल महाराष्ट्र बल्कि पूरे देश में एक प्रगतिशील जिले के रूप में अपनी पहचान बनाएगा।
समारोह में सांसद डॉ. हेमंत सवरा, विधायक राजेंद्र गावित, विधायक स्नेहा दुबे-पंडित, जिलाधिकारी डॉ. इंदु राणी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, जिला पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, अपर पुलिस अधीक्षक विनायक नरले, निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे, उपजिलाधिकारी (सामान्य) रणजीत देसाई, वरिष्ठ अधिकारी, स्कूल और महाविद्यालयों के छात्र तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।
पालक मंत्री गणेश नाईक ने जिले के वरिष्ठ आदिवासी तारपा वादक भिकल्या धिंडा को पद्मश्री पुरस्कार की घोषणा को पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बताया और उन्हें इस सम्मान के लिए शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने बताया कि महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में पालघर जिले ने महाराष्ट्र में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस योजना के अंतर्गत सवा लाख परिवारों को 134 करोड़ रुपये की मजदूरी दी गई, जिससे पलायन रोकने, महिलाओं के आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने में सफलता मिली है।
पालक मंत्री ने कहा कि प्रस्तावित VB-G-RAM-G योजना के अंतर्गत 125 दिनों की रोजगार गारंटी देने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मनरेगा का उद्देश्य टिकाऊ, पर्यावरण-संवेदनशील और आत्मनिर्भर ग्राम विकास है।
महत्वाकांक्षी बांस रोपण योजना के अंतर्गत अब तक 10 लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। आने वाले तीन वर्षों में लगभग 1 करोड़ बांस के उत्पादन से जिले के किसानों को 50 करोड़ रुपये की आय प्राप्त होने की संभावना है।
‘जलतारा’ नामक प्रभावी जल संरक्षण अभियान के तहत मिट्टी के कटाव को रोका जा रहा है और एक बार में साढ़े तीन लाख लीटर पानी का भंडारण संभव हो रहा है। जिले में 3 लाख जलतारा संरचनाएं प्रस्तावित हैं। मनरेगा और सीएसआर के संयुक्त प्रयास से 200 खेत तालाबों का निर्माण कार्य जारी है, जिनमें मोखाडा के पोशेरा क्षेत्र में 34 तालाब पूर्ण हो चुके हैं।
राज्य की 10 करोड़ वृक्षारोपण योजना के अंतर्गत पालघर जिले के लिए 50 लाख पौधों का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसमें से अब तक 45 लाख पौधे लगाए जा चुके हैं।
पालघर की पहचान बने जीआई टैग प्राप्त ‘बहाडोली जामुन’ के मूल्य संवर्धन के लिए अत्याधुनिक एकीकृत प्रसंस्करण केंद्र की स्थापना की जा रही है। संयुक्त वन प्रबंधन समिति के माध्यम से संचालित इस परियोजना में जमे हुए जामुन का गूदा, बीज पाउडर और स्वास्थ्यवर्धक सिरका तैयार किया जाएगा। इन उत्पादों को ‘महाब्रांड’, ‘वनधन केंद्र’ और ई-कॉमर्स माध्यम से सीधे बाजार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे मध्यस्थों की भूमिका समाप्त होगी और लाभ सीधे आदिवासी परिवारों तक पहुंचेगा।
वन अधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत पालघर जिले में 60 हजार हेक्टेयर भूमि पर 51,529 व्यक्तिगत और सामूहिक दावों को मंजूरी देकर जिला देश में अग्रणी बना है।
वडोदरा–मुंबई द्रुतगति मार्ग, अलीबाग–विरार मल्टी-मॉडल कॉरिडोर, बुलेट ट्रेन परियोजना, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर रेल मार्ग तथा दहानू–विरार रेल परियोजना से जिले के विकास को नई गति मिलेगी।
वाढवण में प्रस्तावित गहरे समुद्र बंदरगाह और लॉजिस्टिक पार्क से लाखों रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
ग्राम स्वराज, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की दिशा में स्वामित्व योजना के अंतर्गत 833 गांवों का ड्रोन सर्वेक्षण, 50 हजार संपत्ति पत्र और 16 हजार अधिकार पत्र वितरित किए गए हैं, जिससे राजस्व में भी वृद्धि हुई है। आदिवासी परियोजना कार्यालयों की सक्रियता से खेल, आर्थिक साक्षरता और कौशल विकास को बढ़ावा मिला है। श्रमिक कल्याण, लेक लाडकी योजना, विशेष आदिवासी विकास, कुपोषण उन्मूलन, सिकल सेल जांच और हाथी रोग उन्मूलन अभियानों से सामाजिक सुरक्षा को मजबूत किया गया है।
जनता दरबार के माध्यम से अब तक प्राप्त 2065 आवेदनों में से 1853 पर कार्रवाई पूरी कर 90 प्रतिशत नागरिकों को राहत दी गई है। आने वाले समय में जिले के सभी तालुकाओं में जनता दरबार आयोजित किए जाएंगे।
इस अवसर पर पालक मंत्री गणेश नाईक के हाथों उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान शानदार परेड के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज को मानवंदना दी गई। परेड में पुलिस दल (पुरुष एवं महिला), गृह रक्षक दल, यातायात विभाग, वज्र वाहन दंगा नियंत्रण दल, त्वरित प्रतिक्रिया दल, दंगा नियंत्रण दल, शासकीय एंबुलेंस, श्वान दस्ता, अग्निशमन दल तथा विभिन्न विद्यालयों के दलों ने भाग लिया।
Comments
Post a Comment