पालघर: कलश शोभायात्रा के साथ सात दिवसीय शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ।
पालघर: कलश शोभायात्रा के साथ सात दिवसीय शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य शुभारंभ।
अखिलेश चौबे
पालघर। “शिव ही सत्य है और सत्य ही सुंदर है” — इस पावन उद्घोष के साथ पालघर जिले के औद्योगिक शहर बोईसर में सोमवार, 05 जनवरी 2026 से आध्यात्मिक चेतना की नई लहर प्रवाहित हो उठी। सामाजिक संस्था राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ, पालघर इकाई के तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय ‘शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ सप्ताह’ का भव्य शुभारंभ श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
सुबह 10:30 बजे सालवड स्थित चिल्ड्रेन पार्क, शिव हनुमान मंदिर (गंगोत्री होटल के सामने) से एक विशाल कलश शोभायात्रा नगर परिक्रमा के लिए निकाली गई। केसरिया परिधानों में भक्ति भाव से ओत-प्रोत हजारों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर पूरे नगर को शिवमय बना दिया। गाजे-बाजे, ढोल-ताशों और “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा बोईसर गूंज उठा।
इस सात दिवसीय शिव महापुराण कथा में तीर्थराज प्रयागराज से पधारे विद्वान कथा वक्ता डॉ. नरेन्द्र नाथ व्यास (ज्योतिषाचार्य) व्यास पीठ से शिव तत्व की महिमा का रसपान कराएंगे। यह कथा 11 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन सायं 7.00 बजे से 10.00 बजे तक आयोजित की जाएगी। कथा के माध्यम से शिव महापुराण में वर्णित ज्ञान को केवल कथा नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला और आत्मिक शांति का मार्ग बताया जाएगा।
विज्ञापन....
कार्यक्रम के समापन अवसर पर 12 जनवरी 2026, सोमवार को प्रातः विधि-विधान से हवन, पूजन एवं विशाल महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा। वहीं सायंकाल विख्यात गौऋषि डॉ. ओम मुंडेल द्वारा ‘श्री खाटू श्याम एवं गौमाता’ के नाम भव्य भजन संध्या की प्रस्तुति दी जाएगी।
इस आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा लगाए गए 12 ज्योतिर्लिंगों की प्रतिकृति है, जहां शिव भक्त एक ही स्थान पर सभी ज्योतिर्लिंगों के दर्शन कर उनके आध्यात्मिक महत्व की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
इस भव्य धार्मिक आयोजन को सफल बनाने में राष्ट्रीय हिंदू सेवा संघ के प्रमुख पदाधिकारी ललित माली, यजुर्वेद सावे, एसएस तिवारी, रोहित सिंह, लक्ष्मण वेदाडे, मुकेश पिंपले सहित पूरी टीम दिन-रात जुटी हुई है।
उत्सव समिति ने समस्त शिव प्रेमियों से इस ज्ञान रूपी गंगा में डुबकी लगाकर धर्म लाभ लेने की अपील की है।
Comments
Post a Comment