पालघर: नालासोपारा में फडणवीस की हुंकार, विकास के संकल्प से गरमाया वसई–विरार चुनावी मैदान।

पालघर: नालासोपारा में फडणवीस की हुंकार, विकास के संकल्प से गरमाया वसई–विरार चुनावी मैदान।

अखिलेश चौबे
पालघर‌। जिले के नालासोपारा (पूर्व) स्थित सेंट्रल पार्क में शुक्रवार शाम पाँच बजे एक भव्य संकल्प सभा का आयोजन किया गया। सभा में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चौहान और राज्य परिवहन मंत्री प्रताप सरनाइक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के आगमन के साथ ही बड़ी संख्या में नागरिक सभा स्थल पर पहुंचे, जिससे वातावरण उत्साह और जोश से भर गया।
सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने पालघर जिले सहित वसई–विरार महानगरपालिका क्षेत्र के सर्वांगीण विकास का संकल्प दोहराया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जाएगा और मेट्रो ट्रेन, बुलेट ट्रेन, कोस्टल रोड, बांद्रा–वर्ली सी लिंक की तर्ज पर वर्सोवा–भाईंदर से विरार तक लिंक रोड जैसी महत्वाकांक्षी परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। साथ ही बाढ़वन बंदरगाह को अत्याधुनिक स्वरूप देकर उसे वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में सरकार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि विरार क्षेत्र में हवाई अड्डे की संभावनाओं पर भी विचार किया जा रहा है। यदि उपयुक्त स्थान उपलब्ध होता है तो पालघर को “मुंबई सिटी–4” के रूप में विकसित करने की स्पष्ट योजना है। उन्होंने कहा कि जनता का सहयोग मिलता रहा तो सरकार पूरी शक्ति के साथ इस क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ेगी।
उपनगरीय रेल सेवाओं को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकल ट्रेन यात्राओं को और अधिक सुरक्षित बनाया जाएगा। वातानुकूलित और बंद दरवाजों वाली लोकल ट्रेनों से यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी, दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
महिला सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि ‘लाड़ली बहन योजना’ को बंद नहीं किया जाएगा। प्रधानमंत्री की ‘लखपति योजना’ के माध्यम से अधिक से अधिक महिलाओं को जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास किया जाएगा।
इस संकल्प सभा में भाजपा–महायुति के उम्मीदवारों के साथ सांसद हेमंत सावरा, दर्जा प्राप्त मंत्री विवेक पंडित, जिला अध्यक्ष प्रज्ञा पाटिल, वसई की विधायक स्नेहा दूबे ‘पंडित’, नालासोपारा विधायक राजन नाईक, बोईसर विधायक विलास तरे, विधायक राजेंद्र गावित, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र पाटिल, जिला महामंत्री मनोज बारोट, भाजपा नेता भरत राजपूत, शिवसेना नेता रविंद्र फाटक, शिवसेना नेता सुदेश चौधरी, दिव्या भारती (राजस्थान) सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इसी अवसर पर मुख्यमंत्री के हाथों नालासोपारा विधायक राजन नाईक की कार्यवृत्तांत पत्रिका का विधिवत विमोचन किया गया। सभा में महिला और पुरुष कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का व्यापक बंदोबस्त किया गया था और पूरा आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
मुख्यमंत्री के आगमन से पूरे नालासोपारा और आसपास के क्षेत्र में चुनावी माहौल में खासा उत्साह देखने को मिला। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ता जोश से भरे नजर आए। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि कार्यकर्ताओं में दिखाई दिया यह उत्साह आगामी वसई–विरार महानगरपालिका चुनाव में प्रभावी भूमिका निभा सकता है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!