पालघर: राम नाम के जयघोष के साथ बोईसर में भव्य कलश यात्रा, श्री राम कथा का हुआ शुभारंभ।
पालघर: राम नाम के जयघोष के साथ बोईसर में भव्य कलश यात्रा, श्री राम कथा का हुआ शुभारंभ।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के बोईसर शहर में श्री राम जी की करुणा और कृपा से आयोजित श्री राम कथा के शुभारंभ अवसर पर बुधवार, 7 जनवरी 2026 को भव्य मंगल कलश शोभा यात्रा निकाली गई। यह कलश यात्रा प्रातः 11 बजे अवध नगर स्थित श्री दुर्गा माता शक्तिपीठ से आरंभ होकर राम नाम के जयघोष और भक्तिमय वातावरण के बीच नवापुर मार्ग, संजय नगर स्थित श्री राम मंदिर मंगल भवन में संपन्न हुई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शामिल हुए। “जय श्री राम” के उद्घोष, ढोल-ताशों और भजन-कीर्तन से संपूर्ण मार्ग भक्तिरस में सराबोर हो उठा। नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का स्वागत किया।
कलश यात्रा के समापन के पश्चात श्री राम मंदिर मंगल भवन में विधिवत पूजन-अर्चन के साथ श्री राम कथा का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
श्री राम कथा का वाचन राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध कथा वाचक पंडित मणि भूषण शांडिल्य (काशी) के मुखारविंद से किया जा रहा है। कथा के माध्यम से भगवान श्री राम के जीवन आदर्श, मर्यादा, भक्ति, त्याग और धर्म के भावों का विस्तार से वर्णन किया जाएगा।
यह धार्मिक आयोजन 7 जनवरी से 15 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन सायंकाल 5 बजे से रात्रि 9 बजे तक श्री राम मंदिर मंगल भवन, बोईसर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन समिति की ओर से नगर एवं आसपास के श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे परिवार सहित उपस्थित होकर श्री राम कथा का श्रवण कर पुण्य लाभ अर्जित करें।
Comments
Post a Comment