पालघर: बोईसर में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, ‘रिच टू मनी’ कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार।

पालघर: बोईसर में निवेश के नाम पर करोड़ों की ठगी, ‘रिच टू मनी’ कंपनी का डायरेक्टर गिरफ्तार।

अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक क्षेत्र बोईसर में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। रिच टू मनी नामक कंपनी के डायरेक्टर रोशन जैन के खिलाफ पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी रोशन जैन ने लोगों को स्टॉक मार्केट में निवेश का झांसा देकर हर महीने 3 प्रतिशत मुनाफा देने का लालच दिया। अधिक रिटर्न का भरोसा दिलाकर उसने बड़ी संख्या में निवेशकों से लाखों और करोड़ों रुपये जमा कराए। शुरुआत में निवेशकों को समय पर ब्याज का भुगतान किया गया, जिससे लोगों का विश्वास और मजबूत हो गया।
पुलिस जांच में सामने आया है कि कुछ समय बाद अचानक ब्याज का भुगतान बंद कर दिया गया। जब निवेशकों ने बार-बार संपर्क करने की कोशिश की तो उन्हें टालने के बहाने दिए जाने लगे। लंबे समय तक भुगतान नहीं मिलने पर निवेशकों को धोखाधड़ी का संदेह हुआ और उन्होंने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई।
इस मामले में अब तक 14 निवेशकों ने पालघर जिला आर्थिक अपराध शाखा से संपर्क किया है। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आरोपी ने लगभग 3 करोड़ रुपये की आर्थिक धोखाधड़ी को अंजाम दिया है। पुलिस को आशंका है कि पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम इससे कहीं अधिक हो सकती है।
विज्ञापन....
जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि अधिक मुनाफे के लालच में कई निवेशकों ने बैंकों और निजी वित्तीय संस्थानों से कर्ज लेकर रिच टू मनी कंपनी में निवेश किया था। अब भुगतान रुकने के कारण वे गंभीर आर्थिक संकट में फंस गए हैं।
शिकायत मिलने के बाद बोईसर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रोशन जैन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी की रकम कहां और किस तरह निवेश या स्थानांतरित की गई।
फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी खंगाल रही हैं कि इस ठगी के नेटवर्क में कोई और व्यक्ति या संस्था शामिल है या नहीं। साथ ही अन्य संभावित पीड़ितों से भी आगे आने की अपील की गई है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: जिले में युवक की बेरहमी से हत्या का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग हिरासत में..!

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: बोईसर में 27 लाख की एटीएम लूट का खुलासा, पुलिस ने चोरी करने वाले गैंग को दबोचा..!