पालघर: वाधवण पोर्ट स्किलिंग से आदिवासी युवाओं को रोजगार का अवसर।"दहानू में चारपहिया वाहन सेवा तकनीशियन प्रशिक्षण की शुरुआत"
पालघर: वाधवण पोर्ट स्किलिंग से आदिवासी युवाओं को रोजगार का अवसर।
"दहानू में चारपहिया वाहन सेवा तकनीशियन प्रशिक्षण की शुरुआत"
अखिलेश चौबे
पालघर। जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ के मार्गदर्शन में वाधवण पोर्ट स्किलिंग कार्यक्रम के अंतर्गत दहानू में चारपहिया वाहन सेवा तकनीशियन विषय पर निःशुल्क प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफल शुभारंभ किया गया है। स्थानीय युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम विशेष रूप से युवाओं के लिए संचालित किया जा रहा है, जिसमें दहानू तालुका स्थित दो आदिवासी छात्रावासों के विद्यार्थियों को लाभ मिल रहा है। वडकून स्थित नए आदिवासी छात्रावास के 40 तथा आगर स्थित पुराने आदिवासी छात्रावास के 36 विद्यार्थियों सहित कुल 76 छात्र वर्तमान में इस प्रशिक्षण में भाग ले रहे हैं।
प्रशिक्षण पूर्ण होने के पश्चात प्रशिक्षणार्थियों को वाहन चलाने का लाइसेंस उपलब्ध कराया जाएगा। प्रारंभिक चरण में हल्के मोटर वाहन तथा भारी व्यावसायिक वाहन के लाइसेंस दिए जाएंगे। इसके बाद औद्योगिक क्रेन चालक और पोर्ट क्रेन चालक के लिए विशेष प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाएगा।
स्थानीय आदिवासी युवाओं को रोजगार योग्य बनाना, स्वरोजगार के लिए प्रेरित करना, कुशल मानव संसाधन का निर्माण करना तथा देश की आर्थिक प्रगति और व्यावसायिक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है। पालघर जिले में चल रहे विभिन्न विकास परियोजनाओं के कारण वाहन चालकों और तकनीशियनों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह प्रशिक्षण युवाओं के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होने वाला है।
प्रशिक्षण पूर्ण करने के बाद विद्यार्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने हेतु मार्गदर्शन दिया जाएगा। अधिक से अधिक युवाओं से इस योजना का लाभ उठाकर अपना स्वयं का व्यवसाय शुरू करने का आह्वान सहायक जिलाधिकारी एवं परियोजना अधिकारी विशाल खत्री ने किया है।
ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ लोकल सेल्फ गवर्नमेंट के माध्यम से संचालित वाधवण पोर्ट स्किलिंग कार्यक्रम ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के युवाओं के कौशल विकास में निरंतर प्रभावी भूमिका निभा रहा है। यह पहल स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की दिशा में एक महत्वपूर्ण अवसर साबित हो रही है।
Comments
Post a Comment