पालघर: श्रवण बाधित विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से मिलेगा बोलने का प्रशिक्षण।
पालघर: श्रवण बाधित विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से मिलेगा बोलने का प्रशिक्षण।
अखिलेश चौबे
पालघर। श्रवण बाधित विद्यार्थियों के भाषा, उच्चारण और संवाद कौशल को विकसित करने के उद्देश्य से पालघर जिला परिषद ने विशेष पहल की है। जिले के पालघर, डहाणू, जव्हार और विरार स्थित चार अनुदानित मूक-बधिर विद्यालयों को लगभग 20 लाख रुपये की लागत वाला ‘डॉक्टर स्पीच’ सॉफ्टवेयर उपलब्ध कराया गया है। इससे करीब 400 विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से बोलने और संवाद करने का अभ्यास मिल सकेगा।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे और समाज कल्याण अधिकारी तथा दिव्यांग सशक्तीकरण अधिकारी डॉ. प्रकाश हसनाळकर ने पालघर के मूक-बधिर विद्यालय का दौरा कर सॉफ्टवेयर के उपयोग की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण और भाषा एवं वाणी कौशल के विकास में इस तकनीक की उपयोगिता पर चर्चा की।
सॉफ्टवेयर के साथ विद्यालयों को कंप्यूटर, प्रिंटर, माइक्रोफोन और दो स्पीकर भी उपलब्ध कराए गए हैं। इसके प्रभावी उपयोग के लिए विशेष शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया है। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों के उच्चारण में सुधार, भाषा सीखने की क्षमता बढ़ाने और बोलकर संवाद करने का आत्मविश्वास विकसित करना है।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र पाटील और समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रकाश हसनाळकर के प्रयासों से यह कार्यक्रम शुरू किया गया है।
Comments
Post a Comment