पालघर: मोखाडा में लापरवाही और वरिष्ठों के आदेशों की अवहेलना पर ग्राम पंचायत अधिकारी ज्ञानेश्वर पाटील निलंबित, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे की सख्त कार्रवाई।

पालघर: मोखाडा में लापरवाही और वरिष्ठों के आदेशों की अवहेलना पर ग्राम पंचायत अधिकारी ज्ञानेश्वर पाटील निलंबित, मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे की सख्त कार्रवाई।

अखिलेश चौबे 
पालघर। सरकारी कर्तव्यों में लापरवाही, वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और प्रशासनिक कामकाज में गंभीर अनियमितताओं के आरोप में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने मोखाडा तालुका की धामणशेत ग्राम पंचायत के ग्राम पंचायत अधिकारी ज्ञानेश्वर रामदास पाटील को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई पंचायत समिति मोखाडा के खंड विकास अधिकारी की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर की गई है।
आदेश के अनुसार, ज्ञानेश्वर पाटील पर महाराष्ट्र जिला परिषद जिला सेवा (आचरण) नियम, 1967 के नियम 3 का उल्लंघन करने का आरोप है। उन पर जिला स्तरीय महालेखाकार लंबित मामलों के निपटारे के लिए आयोजित शिविर में अनुपस्थित रहने, वरिष्ठों के आदेशों की अवहेलना करने, 28 जनवरी 2025 के ग्राम विकास विभाग के सरकारी निर्देशों का पालन नहीं करने तथा समीक्षा बैठक में खंड विकास अधिकारी के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगाए गए हैं।
इसके अलावा आपदा प्रबंधन एवं सूखा नियोजन बैठक में अनुपस्थित रहने, ग्राम पंचायत के नमूना क्रमांक 1 से 33 तक के अभिलेख अद्यतन नहीं रखने, निरीक्षण अधिकारियों को अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने, ग्रामीणों और शिकायतकर्ताओं के साथ अपमानजनक व्यवहार करने, ग्रामसभा की कार्यवाही पूरी नहीं करने तथा आवास योजनाओं के कार्य अधूरे रखने जैसी गंभीर लापरवाहियां भी रिपोर्ट में दर्ज की गई हैं।
इस कार्रवाई के माध्यम से मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सरकारी कामकाज में अनुशासनहीनता, लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।