पालघर: बोईसर में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आज से।3 से 5 नवंबर तक टेप्स-3 और 4 के मैदान पर होगा मुकाबला; ‘सबसे तेज धावक’ और ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ पुरस्कार रहेंगे आकर्षण का केंद्र।
पालघर: बोईसर में 17 वर्ष से कम आयु वर्ग की राज्यस्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आज से।
3 से 5 नवंबर तक टेप्स-3 और 4 के मैदान पर होगा मुकाबला; ‘सबसे तेज धावक’ और ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ पुरस्कार रहेंगे आकर्षण का केंद्र।
अखिलेश चौबे
पालघर। महाराष्ट्र शासन के खेल एवं युवा सेवा संचालनालय की ओर से 17 वर्ष से कम आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की राज्यस्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 नवंबर 2026 तक बोईसर स्थित तारापुर परमाणु ऊर्जा परियोजना के टेप्स-3 और 4 परिसर के मैदान पर किया जा रहा है। प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। इस दौरान धावकों की गति, कौशल और खेल प्रतिभा का रोमांचक प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
जिला खेल अधिकारी कार्यालय और पालघर जिला खेल परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय प्रतियोगिता में दौड़ सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएं होंगी। प्रतियोगिता का प्रमुख आकर्षण बालक और बालिकाओं के लिए अलग-अलग दिए जाने वाले ‘सबसे तेज धावक’ और ‘सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी’ पुरस्कार होंगे। सबसे तेज दौड़ने वाले खिलाड़ी को ट्रैक सूट तथा विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को साइकिल देकर सम्मानित किया जाएगा।
ग्रामीण और शहरी खिलाड़ियों को मिलेगा अवसर
इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, परिश्रम, टीम भावना और खेल भावना विकसित करने में भी यह प्रतियोगिता सहायक होगी। राज्यस्तरीय प्रतियोगिता की मेजबानी पालघर जिले को मिलने से जिले के खेल क्षेत्र में उत्साह का माहौल है।
जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ ने किया टी-शर्ट का अनावरण
प्रतियोगिता का आयोजन पालघर जिलाधिकारी एवं जिला खेल परिषद की अध्यक्ष डॉ. इंदु रानी जाखड़ तथा मुंबई विभाग के उपसंचालक नवनाथ फरताडे के मार्गदर्शन में किया जा रहा है। प्रतियोगिता के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. इंदु रानी जाखड़ के हाथों प्रतियोगिता की टी-शर्ट का अनावरण किया गया। इस दौरान निवासी उपजिलाधिकारी सुभाष भागडे, जिला खेल अधिकारी सुहास व्हनमाने और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाराष्ट्र एथलेटिक्स संघ, पालघर जिला एथलेटिक्स संघ, पालघर जिला शारीरिक शिक्षा शिक्षक महासंघ और पालघर जिला मुख्याध्यापक संघ सहयोग करेंगे। बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के भोजन और ठहरने की व्यवस्था बोईसर स्थित डॉन बॉस्को स्कूल एवं कनिष्ठ महाविद्यालय में की गई है।
आयोजकों ने पालघर और बोईसर क्षेत्र के नागरिकों, अभिभावकों, शिक्षकों, खेल प्रेमियों तथा खेल संगठनों से प्रतियोगिता में अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है।
Comments
Post a Comment