पालघर: जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मिलीं पांच नई एंबुलेंस, दुर्गम क्षेत्रों में मरीजों को मिलेगी त्वरित चिकित्सा सेवा।
पालघर: जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को मिलीं पांच नई एंबुलेंस, दुर्गम क्षेत्रों में मरीजों को मिलेगी त्वरित चिकित्सा सेवा।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिला परिषद के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के लिए खरीदी गई पांच नई एंबुलेंस का लोकार्पण आज पालकमंत्री एवं वनमंत्री गणेश नाईक के हाथों किया गया। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने हरी झंडी दिखाकर एंबुलेंस को रवाना किया। इन नए वाहनों से जिले के दुर्गम एवं आदिवासी क्षेत्रों में मरीजों को समय पर चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने में सहायता मिलने की उम्मीद व्यक्त की गई।
इस अवसर पर विधायक राजेंद्र गावित, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश निकम, जिलाधिकारी इंदुरानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र पाटील, पूर्व कृषि सभापति संदीप पावडे, जिला परिषद की पूर्व सदस्य नीता पाटील और भावना विचारे तथा जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संतोष चौधरी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
पालघर जिला परिषद के स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत वर्तमान में कुल 64 संस्थाएं कार्यरत हैं। इनमें 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और 18 स्वास्थ्य दल शामिल हैं। इन संस्थाओं के माध्यम से मरीजों को प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए एंबुलेंस की आवश्यकता होती है। वर्तमान में जिले में कुल 59 एंबुलेंस उपलब्ध हैं, जिनमें से आठ एंबुलेंस वर्ष 2011 से 2013 के बीच की होने के कारण पुरानी हो चुकी हैं। इसके अलावा, कुछ स्थानों पर एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हैं और नए भवनों का निर्माण करा रहे स्वास्थ्य केंद्रों के लिए भी एंबुलेंस की आवश्यकता है।
जिले में कुल 19 अतिरिक्त एंबुलेंस की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए चालू वित्तीय वर्ष में जिला वार्षिक योजना (सामान्य) के अंतर्गत जिला योजना एवं विकास समिति (डीपीडीसी) की निधि से पांच नई एंबुलेंस खरीदी गई हैं। इन एंबुलेंस का वितरण जिले के पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को किया गया।
नई एंबुलेंस प्राप्त करने वाले स्वास्थ्य केंद्रों में डहाणू तालुका का सायवन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, तलासरी तालुका का आमगांव प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, वाडा तालुका का परली प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, मोखाडा तालुका का खोडाला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और जव्हार तालुका का साखरशेत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं।
इन पांच प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को नई एंबुलेंस मिलने से संबंधित क्षेत्रों में मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। विशेष रूप से दुर्गम एवं आदिवासी क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह कदम महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Comments
Post a Comment