पालघर: जिला में परिषद में ‘उमेद मार्ट’ का शुभारंभ, महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगी बाजार में पहचान।
पालघर: जिला में परिषद में ‘उमेद मार्ट’ का शुभारंभ, महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को मिलेगी बाजार में पहचान।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिला परिषद परिसर में शुरू किए गए ‘उमेद मार्ट’ का उद्घाटन आज पालकमंत्री गणेश नाईक के हाथों किया गया। इस मार्ट के माध्यम से जिले के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित स्थानीय उत्पादों को उचित बाजार उपलब्ध होगा। इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा। यह विश्वास पालकमंत्री गणेश नाईक ने उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त किया।
इस कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र गावित, प्रसिद्ध तारपा वादक पद्मश्री भिकल्या धिंडा, जिला परिषद के पूर्व अध्यक्ष प्रकाश निकम, जिलाधिकारी डॉ. इंदुरानी जाखड़, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र पाटील, पूर्व कृषि सभापति संदीप पावडे, जिला परिषद की पूर्व सदस्य नीता पाटील और भावना विचारे तथा उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी इजाज अहमद शरीक मसलत प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
जिला ग्रामीण विकास तंत्र और जिला परिषद, पालघर के माध्यम से शुरू किए गए ‘उमेद मार्ट’ में महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित विभिन्न वस्तुओं का प्रदर्शन और बिक्री की जाएगी। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाओं के कौशल को व्यावसायिक मंच उपलब्ध कराना, उनके उत्पादों को बाजार में पहचान दिलाना और बिक्री के माध्यम से उनकी आय बढ़ाना है।
‘उमेद मार्ट’ महिलाओं को केवल उत्पाद निर्माण तक सीमित न रहकर अपने उत्पादों के विपणन और व्यवसाय के विस्तार की दिशा में आगे बढ़ने में भी सहायता करेगा। इस पहल से महिला समूहों को अपने उत्पादों की बिक्री बढ़ाने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिलेगा।
इस मार्ट में विभिन्न खाद्य पदार्थों, वारली चित्रकला, लकड़ी पर की गई नक्काशी की कलाकृतियों, हस्तशिल्प की वस्तुओं, आभूषणों और अन्य स्थानीय उत्पादों की बिक्री की जाएगी। जिला परिषद परिसर में यह सुविधा शुरू होने से सरकारी अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ आम नागरिकों को भी स्थानीय उत्पाद खरीदने का अवसर मिलेगा।
इससे महिला स्वयं सहायता समूहों को नियमित ग्राहक प्राप्त होने और उनके उत्पादों की बिक्री में वृद्धि होने की उम्मीद व्यक्त की गई। ‘उमेद मार्ट’ की यह पहल स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने के साथ ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकती है।
Comments
Post a Comment