पालघर: यशवंत सृष्टि मार्ग पर बेतरतीब पार्किंग का संकट, हादसे को न्योता दे रहे बड़े वाहन।बड़े वाहनों की पार्किंग से सिकुड़ा रास्ता, सुरक्षित आवागमन पर उठे सवाल।
पालघर: यशवंत सृष्टि मार्ग पर बेतरतीब पार्किंग का संकट, हादसे को न्योता दे रहे बड़े वाहन।
बड़े वाहनों की पार्किंग से सिकुड़ा रास्ता, सुरक्षित आवागमन पर उठे सवाल।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक बोइसर शहर के यशवंत सृष्टि से मधुर होटल की ओर जाने वाले मार्ग पर आशीष लाइफ सायन्स प्राइवेट लिमिटेड के पास पिछले कुछ महीनों से सड़क किनारे ट्रांसपोर्ट से जुड़े वाहनों की कथित अवैध पार्किंग का मामला सामने आ रहा है। सड़क के किनारे बड़े वाहनों के लगातार खड़े रहने से मार्ग पर आवागमन के लिए उपलब्ध जगह कम होती जा रही है, जिससे वाहन चालकों और स्थानीय नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के अनुसार, सड़क के एक हिस्से पर वाहनों की पार्किंग किए जाने के कारण सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में कठिनाई होती है। विशेष रूप से बड़े वाहनों की आवाजाही के दौरान स्थिति और अधिक मुश्किल हो जाती है। ऐसे में इस मार्ग पर कभी भी छोटा-बड़ा सड़क हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि ट्रांसपोर्ट से जुड़े वाहनों की पार्किंग के लिए सड़क का इस्तेमाल किए जाने के कारण आम नागरिकों को परेशानी हो रही है। सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ने से पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। रात के समय कम दृश्यता के कारण ऐसी स्थिति और अधिक जोखिमपूर्ण हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क पर इसी तरह लगातार वाहन खड़े किए जाते रहे तो आम लोगों के सुरक्षित आवागमन का क्या होगा? नागरिकों ने यह भी सवाल उठाया है कि क्या संबंधित विभाग का ध्यान इस समस्या की ओर नहीं जा रहा है, अथवा किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई की जाएगी?
पिछले कई महीनों से जारी इस समस्या को लेकर अब संबंधित प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि सड़क किनारे होने वाली कथित अवैध पार्किंग पर समय रहते रोक नहीं लगाई गई, तो भविष्य में गंभीर दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि यशवंत सृष्टि से मधुर होटल मार्ग तथा आशीष लाइफ सायन्स प्राइवेट लिमिटेड के आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया जाए। सड़क किनारे लगातार खड़े रहने वाले वाहनों के संबंध में नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए और मार्ग को सुचारु एवं सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आम नागरिकों, पैदल यात्रियों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी न हो।
Comments
Post a Comment