पालघर: लक्ष्मण कुमार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर वाणगांव थाने के सामने बहुजन एकता संगठन का जोरदार धरना।हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुआ आंदोलन; डीवाईएसपी दिनेश बैसाने ने पदाधिकारियों से की चर्चा।
पालघर: लक्ष्मण कुमार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर वाणगांव थाने के सामने बहुजन एकता संगठन का जोरदार धरना।
हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में हुआ आंदोलन; डीवाईएसपी दिनेश बैसाने ने पदाधिकारियों से की चर्चा।
अखिलेश चौबे
पालघर। लक्ष्मण कुमार को न्याय दिलाने की मांग को लेकर बहुजन एकता संगठन की ओर से सोमवार को वाणगांव पुलिस थाने के सामने जोरदार धरना आंदोलन किया गया। इस आंदोलन में हजारों कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। बड़ी संख्या में नागरिकों के समर्थन से आंदोलन के दौरान क्षेत्र का माहौल गरमा गया।
लक्ष्मण कुमार उत्तर भारतीय समुदाय से संबंधित हैं। उनके न्याय की मांग को लेकर बहुजन एकता संगठन की ओर से किए गए इस आंदोलन ने संगठन की सर्वसमावेशी भूमिका को भी सामने रखा। संगठन ने स्पष्ट किया कि बहुजन एकता संगठन केवल किसी एक जाति या समुदाय तक सीमित होकर काम नहीं करता है। व्यक्ति उत्तर भारतीय हो या देश के किसी भी प्रांत से संबंधित हो, किसी भी जाति या धर्म से जुड़ा हो, अन्याय के खिलाफ संगठन उसके साथ मजबूती से खड़ा रहता है और आवश्यकता पड़ने पर न्याय की लड़ाई में सहयोग करता है।
आंदोलन की तीव्रता को देखते हुए डीवाईएसपी दिनेश बैसाने स्वयं आंदोलन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बहुजन एकता संगठन के पदाधिकारियों के साथ चर्चा की। चर्चा के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से संबंधित मामले में शुक्रवार तक मामला दर्ज करने का लिखित आश्वासन दिया गया।
पुलिस प्रशासन के इस आश्वासन के बाद संगठन के पदाधिकारियों ने आंदोलन को बड़ी सफलता बताते हुए कहा कि लक्ष्मण कुमार को न्याय दिलाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।
आंदोलन की अध्यक्षता बहुजन एकता संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष साईनाथ रावते ने की। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लहू खरपडे, राष्ट्रीय सचिव नरेश पाटील, राष्ट्रीय कार्यकारिणी के पदाधिकारी, महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष कपिल सूर्यवंशी तथा महाराष्ट्र प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।
इसके अलावा पालघर जिला अध्यक्ष अनिल हाडळ एवं जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी भी आंदोलन में शामिल हुए। अल्पसंख्यक पालघर जिला अध्यक्ष हाफिज भाई शेख और उनकी कार्यकारिणी, उत्तर भारतीय तालुका अध्यक्ष पराग यादव, अन्य तालुकाओं के अध्यक्ष, कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और नागरिक बड़ी संख्या में आंदोलन में उपस्थित रहे।
बहुजन एकता संगठन के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि लक्ष्मण कुमार को न्याय मिलने तक संगठन का संघर्ष जारी रहेगा। संगठन ने दोहराया कि समाज के किसी भी वर्ग, जाति, धर्म या प्रांत के व्यक्ति के साथ अन्याय होने पर बहुजन एकता संगठन उसके न्याय के लिए मजबूती से आवाज उठाता रहेगा।
Comments
Post a Comment