पालघर: गणेश नाईक का संकल्प—पालघर के विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं के जीवनस्तर को ऊंचा उठाना प्राथमिकता।

पालघर: गणेश नाईक का संकल्प—पालघर के विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं के जीवनस्तर को ऊंचा उठाना प्राथमिकता।

अखिलेश चौबे 
पालघर। वनमंत्री एवं पालघर के पालकमंत्री गणेश नाईक ने कहा कि जिले के विकास का लाभ केवल उद्यमियों तक सीमित न रहकर आम नागरिकों, किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं तक पहुंचना चाहिए। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
जिला नियोजन सभागार, जिलाधिकारी कार्यालय में नाईक के हाथों ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत ‘जनसेवक महाकुंभ’ और ‘मुख्यमंत्री समृद्ध पंचायत राज अभियान 2.0’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विधायक राजेंद्र गावित, जिलाधिकारी डॉ. इंदुरानी जाखड़, वसई-विरार महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज पी.बी., पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे, पूर्व अध्यक्ष प्रकाश निकम तथा अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
नाईक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संवैधानिक पद पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए गए ‘सेवा संकल्प अभियान’ से शासन, प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के बीच समन्वय मजबूत हुआ है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से जनहित में जिम्मेदारियां निभाने और विकास से वंचित ग्राम पंचायतों की कमियां दूर करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जिले को मिले पुरस्कार प्रयासों की पहचान हैं, लेकिन वास्तविक लक्ष्य हर गांव का समग्र विकास होना चाहिए।
बढ़ती जल आवश्यकताओं पर चिंता जताते हुए पालकमंत्री ने कहा कि पेयजल और पशुओं के लिए पानी को प्राथमिकता दी जाए तथा निर्माण कार्यों और वाहन धुलाई जैसे कार्यों में पीने के पानी का अनावश्यक उपयोग रोका जाए। उपचारित अपशिष्ट जल का उपयोग उद्योगों, निर्माण कार्यों, उद्यानों और पौधों के संरक्षण के लिए बढ़ाया जाना चाहिए। साथ ही जल प्रबंधन करते समय किसानों की आजीविका का ध्यान रखना जरूरी है। मक्का, भिंडी, तरबूज और करेला जैसी फसलें उगाने वाले किसानों को आवश्यक पानी उपलब्ध कराने के लिए स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार योजना बनाई जाए।
महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के लिए नाईक ने ‘सरस’ प्रदर्शनियों को नियमित और स्थायी रूप से आयोजित करने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सहित अन्य मंत्रियों को आमंत्रित कर इन उत्पादों को अधिक प्रचार और बाजार दिलाने का प्रयास किया जाएगा। इससे महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
राज्य पर कर्ज के बोझ और मराठवाड़ा, विदर्भ तथा खानदेश सहित विभिन्न क्षेत्रों में संभावित जल संकट का उल्लेख करते हुए नाईक ने उपलब्ध संसाधनों के उचित नियोजन और सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। उन्होंने अभियान में योगदान देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों का अभिनंदन करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर मिलना चाहिए।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।