पालघर: आजाद नगर में 10 अक्टूबर से गूंजेगा माता रानी का जयकारा, नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां पूरी।
पालघर: आजाद नगर में 10 अक्टूबर से गूंजेगा माता रानी का जयकारा, नौ दिवसीय नवरात्रि महोत्सव की तैयारियां पूरी।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के औद्योगिक बोइसर शहर में सार्वजनिक नवरात्रि उत्सव मंडल, डीजे वाड़ी, आजाद नगर, द्वारा इस वर्ष नवरात्रि महोत्सव का आयोजन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जा रहा है। नौ दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का शुभारंभ 10 अक्टूबर को शाम 5 बजे माता रानी के भव्य आगमन के साथ होगा। इस अवसर पर ढोल-ताशों और नगाड़ों की गूंज के बीच माता रानी की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
मंडल के संदीप जोशी ने बताया कि 11 अक्टूबर को सुबह 11 बजे ज्योति कलश की स्थापना के साथ नवरात्रि उत्सव का विधिवत शुभारंभ किया जाएगा। इसके बाद नौ दिनों तक माता रानी की आराधना के साथ गरबा, डांडिया सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
संदीप जोशी ने बताया कि 13 अक्टूबर, मंगलवार को शाम बालाजी महाराज की भक्ति में भव्य संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान श्रद्धालु सामूहिक रूप से सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर बालाजी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
नवरात्रि महोत्सव का विशेष आकर्षण 18 अक्टूबर, अष्टमी के पावन अवसर पर देखने को मिलेगा। इस दिन माता रानी की भव्य चौकी के साथ 108 दीपों से महाआरती की जाएगी। इसके अलावा छप्पन भोग की मनमोहक झांकी तथा नन्ही-मुन्नी बालिकाओं द्वारा नवदुर्गा के नौ स्वरूपों की जीवंत झांकी प्रस्तुत की जाएगी।
अष्टमी के अवसर पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए बाबा श्याम का भव्य दरबार भी सजाया जाएगा, जो महोत्सव का एक अन्य प्रमुख आकर्षण रहेगा। जोशी ने बताया कि मंडल का उद्देश्य नवरात्रि महोत्सव के माध्यम से धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को एकजुट करना तथा सामाजिक एवं सांस्कृतिक वातावरण को मजबूत करना है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित नवरात्रि महोत्सव में शामिल होकर माता रानी का आशीर्वाद प्राप्त करने का आग्रह किया है।
Comments
Post a Comment