मीरा रोड: वोक्हार्ट हॉस्पिटल्स मीरा रोड की पहल, गणेश मंडल कार्यकर्ताओं को सीपीआर और जीवनरक्षक तकनीकों का निःशुल्क प्रशिक्षण।

मीरा रोड: वोक्हार्ट हॉस्पिटल्स मीरा रोड की पहल, गणेश मंडल कार्यकर्ताओं को सीपीआर और जीवनरक्षक तकनीकों का निःशुल्क प्रशिक्षण।

अखिलेश चौबे 
मीरा रोड। गणेशोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का पर्व है। इस दौरान गणेश मंडपों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भीड़ के बीच किसी श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ने की स्थिति में शुरुआती कुछ मिनट अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए वोक्हार्ट हॉस्पिटल्स, मीरा रोड की ओर से युवा मित्र मंडल, भारती पार्क, मीरा रोड के गणेश मंडल कार्यकर्ताओं के लिए हृदय-फेफड़ा पुनर्जीवन प्रक्रिया (सीपीआर) एवं जीवनरक्षक तकनीकों का निःशुल्क प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
गणेशोत्सव के दौरान कई श्रद्धालु उपवास रखते हैं अथवा लंबे समय तक भोजन नहीं करते। ऐसे में कमजोरी, चक्कर आने या बेहोशी जैसी स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसके अलावा मधुमेह, उच्च रक्तचाप और हृदय संबंधी जोखिम वाले नागरिक भी बड़ी संख्या में उत्सव में शामिल होते हैं। ऐसी आपात स्थिति में चिकित्सकीय सहायता मिलने और अस्पताल पहुंचने तक का प्रत्येक क्षण महत्वपूर्ण होता है। समय पर और सही तरीके से की गई सीपीआर प्रक्रिया आपात स्थिति में जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
वोक्हार्ट हॉस्पिटल्स के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में गणेश मंडल के कार्यकर्ताओं को आपातकालीन स्थिति की पहचान करने, बेहोश व्यक्ति को तत्काल सहायता देने तथा सीपीआर कब और किस प्रकार करनी चाहिए, इसकी जानकारी दी गई। इसके साथ ही चिकित्सकीय सहायता मिलने तक उठाए जाने वाले प्राथमिक जीवनरक्षक कदमों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
गणेश मंडल के कार्यकर्ता उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के सबसे करीब रहते हैं। ऐसे में उत्सव के सुचारु प्रबंधन के साथ आपात स्थिति में प्राथमिक सहायता देने में सक्षम होना भी महत्वपूर्ण है। सही समय पर दी गई प्राथमिक सहायता कई बार व्यक्ति के जीवन की रक्षा में निर्णायक साबित हो सकती है।
इस पहल के पीछे मानवीय सेवा की भावना को प्रमुखता दी गई। आयोजन के दौरान यह संदेश दिया गया कि गणपति बप्पा के दर्शन के लिए आने वाला प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित अपने घर लौटे, यही सच्ची सेवा है। संकट की घड़ी में किसी अनजान व्यक्ति की सहायता कर उसकी जान बचाने का अवसर मिलना गणेश सेवा का भी एक महत्वपूर्ण रूप है।
मीरा-भायंदर क्षेत्र के अन्य गणेश मंडलों को भी इस प्रकार का सीपीआर एवं जीवनरक्षक प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए वोक्हार्ट हॉस्पिटल्स, मीरा रोड से संपर्क करने का आवाहन किया गया है।
वोक्हार्ट हॉस्पिटल्स की इस पहल के माध्यम से गणेशोत्सव के उत्साह के साथ समाज में आपातकालीन स्वास्थ्य जागरूकता और जीवनरक्षक प्रशिक्षण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।