पालघर: जिले के डाक विभाग की १० सितंबर को डाक अदालत, लंबित शिकायतों का होगा निराकरण।
पालघर: जिले के डाक विभाग की १० सितंबर को डाक अदालत, लंबित शिकायतों का होगा निराकरण।
अखिलेश चौबे
पालघर। नागरिकों से जुड़ी डाक सेवाओं की लंबित शिकायतों के प्रभावी निराकरण के लिए पालघर विभाग की ओर से १० सितंबर २०२६ को डाक अदालत आयोजित की जाएगी। छह सप्ताह से अधिक समय से लंबित डाक सेवा संबंधी शिकायतों का इस अदालत में निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
पालघर विभाग के अधीक्षक डाकघर की अध्यक्षता में डाक अदालत १० सितंबर को सुबह १० बजे मीरा रोड विभागीय डाकघर, प्रथम तल, मीरा रोड–४०११०७ में आयोजित होगी। इस दौरान विभागीय अधिकारी शिकायतकर्ताओं से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और संबंधित मामलों के समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाएंगे।
डाक अदालत में पालघर विभाग से संबंधित छह सप्ताह के भीतर निराकरण नहीं हुई शिकायतों पर विचार किया जाएगा। इनमें अपंजीकृत एवं पंजीकृत डाक, स्पीड पोस्ट, डाकघर काउंटर सेवाएं, बचत बैंक तथा मनीऑर्डर की राशि का भुगतान न होने जैसी शिकायतें शामिल हैं। शिकायत में पहले की गई शिकायत के संबंधित अधिकारी का नाम व पदनाम तथा डाक लेख, मनीऑर्डर, बचत बैंक खाता या प्रमाणपत्र से जुड़ी आवश्यक जानकारी देना अनिवार्य होगा।
इच्छुक ग्राहक अपनी शिकायतें दो प्रतियों में ९ सितंबर २०२६ या उससे पहले अधीक्षक डाकघर, पालघर विभाग, मीरा रोड–४०११०७ के कार्यालय में जमा करें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त शिकायतों को डाक अदालत में विचारार्थ स्वीकार नहीं किया जाएगा।
Comments
Post a Comment