पालघर: तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में अंधेरा और अवैध पार्किंग का कहर, यातायात व्यवस्था चरमराई‌।

पालघर: तारापुर औद्योगिक क्षेत्र में अंधेरा और अवैध पार्किंग का कहर, यातायात व्यवस्था चरमराई‌।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के तारापुर M I D C औद्योगिक क्षेत्र बोईसर में अवैध पार्किंग की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। विभिन्न कंपनियों के मुख्य द्वारों से लेकर प्रमुख सड़कों के किनारे तक भारी वाहनों की कतारें लगी रहती हैं। स्थिति यह है कि कई स्थानों पर सड़क का बड़ा हिस्सा ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की पार्किंग में ही घिर जाता है, जिससे आवागमन के लिए पर्याप्त जगह नहीं बचती। रात के समय चालक अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर उसी में आराम करते हैं, जिसके कारण लंबे समय तक वाहन वहीं खड़े रहते हैं। एक ओर औद्योगिक क्षेत्र के कई मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने से अंधेरा रहता है और दूसरी ओर उसी अंधेरे में सड़क किनारे खड़े भारी वाहन दिखाई नहीं देने से दुर्घटना का खतरा और अधिक बढ़ जाता है। छोटे वाहन, दोपहिया चालक और पैदल राहगीर ऐसे मार्गों से गुजरते समय लगातार परेशानी झेल रहे हैं। कई बार सामने से आने वाले वाहनों को रास्ता देने के लिए चालकों को अपने वाहन सड़क से नीचे उतारने तक की नौबत आ जाती है। इसके बावजूद संबंधित प्रशासन और यातायात विभाग की ओर से अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से सवाल उठ रहे हैं। सड़कों को ही पार्किंग स्थल बना दिया गया है, जिससे यातायात के साथ-साथ आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही है। अंधेरे और बेतरतीब खड़े भारी वाहनों के बीच यदि कोई गंभीर दुर्घटना होती है तो इसकी जिम्मेदारी आखिर किसकी होगी? स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से तत्काल अवैध पार्किंग हटाने, नियमित गश्त और कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा औद्योगिक क्षेत्र में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।