पालघर: लायन्स क्लब सफाळे ने गुणवंत शिक्षकों और कर्तृत्ववान व्यक्तियों का किया सम्मान।स्व. प्रणिता प्रविण पाटील की स्मृति में गुणवंत शिक्षक पुरस्कार और स्व. प्रभाकर वामन वर्तक की स्मृति में गौरव पुरस्कार प्रदान।
पालघर: लायन्स क्लब सफाळे ने गुणवंत शिक्षकों और कर्तृत्ववान व्यक्तियों का किया सम्मान।
स्व. प्रणिता प्रविण पाटील की स्मृति में गुणवंत शिक्षक पुरस्कार और स्व. प्रभाकर वामन वर्तक की स्मृति में गौरव पुरस्कार प्रदान।
अखिलेश चौबे
पालघर। शिक्षक दिवस के अवसर पर लायन्स क्लब ऑफ सफाळे की ओर से आयोजित पुरस्कार समारोह में शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले शिक्षकों एवं कर्तृत्ववान व्यक्तियों का सम्मान किया गया। आदर्श शिक्षिका स्व. प्रणिता प्रविण पाटील की स्मृति में लायन्स गुणवंत शिक्षक पुरस्कार–२०२६ तथा आदर्श व्यक्तित्व स्व. प्रभाकर वामन वर्तक की स्मृति में लायन्स गौरव पुरस्कार–२०२६ प्रदान किए गए। यह समारोह शनिवार, १२ सितंबर २०२६ को देवभूमि सभागृह, सफाळे (पूर्व) में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन जतिन कदम, अध्यक्ष, लायन्स क्लब ऑफ सफाळे ने की। प्रमुख अतिथि के रूप में सुप्रसिद्ध समाचार वाचिका एवं वरिष्ठ पत्रकार अनुपमा खानविलकर उपस्थित थीं। सम्माननीय अतिथियों के रूप में लायन प्रशांत पाटील एवं डॉ. दीपक चौधरी, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर तथा विशेष अतिथि के रूप में लिओ राज कपाडिया, डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में अपने संबोधन में अनुपमा खानविलकर ने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में आने की प्रेरणा उन्हें अपने शिक्षकों से मिली। उन्होंने कहा कि उन्होंने पालघर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को मीडिया के माध्यम से सामने लाकर उनके समाधान का प्रयास किया है।
उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज का आईना होता है। वर्तमान समय में शिक्षकों को विभिन्न शासकीय कार्यों की जिम्मेदारियां निभाने के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए भी निरंतर प्रयास करना पड़ता है। ऐसे कर्तव्यनिष्ठ शिक्षकों के कार्यों की लायन्स क्लब जैसी संस्था द्वारा सराहना और सम्मान किया जाना महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम के अध्यक्ष जतिन कदम ने कहा कि समाज के प्रति अपने दायित्व को निभाने के उद्देश्य से लायन्स क्लब के माध्यम से विभिन्न सामाजिक उपक्रम चलाए जा रहे हैं। इनमें स्वास्थ्य जांच शिविर, शैक्षणिक सहायता, वृक्षारोपण, वनबंधारे निर्माण तथा कैंसर पीड़ितों की सहायता सहित अनेक सामाजिक कार्य शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि समाज के लिए उल्लेखनीय कार्य करने वाले शिक्षकों तथा विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और कर्तृत्व से योगदान देने वाली प्रतिभाओं का सम्मान करना क्लब अपना दायित्व मानता है।
जलसंधारण के क्षेत्र में अब तक १६४ चेक डैम का निर्माण करने के उल्लेखनीय कार्य के लिए डॉ. दीपक चौधरी का विशेष सम्मान किया गया। उन्होंने अपने मनोगत में सफाळे लायन्स क्लब द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए क्लब को शुभकामनाएं दीं।
डॉ. प्रशांत पाटील ने उपक्रमशील शिक्षकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। वहीं, पुरस्कारार्थी किशोर डोके ने ‘बाप’ कविता प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।
इस अवसर पर लिओ क्लब के नए पिन का उद्घाटन भी किया गया। साथ ही ‘सॅल्यूट बियोन्ड द फ्लॅग’ उपक्रम में सहभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।
विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों को लायन्स गौरव पुरस्कार–२०२६ से सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक कार्य के लिए पांडुरंग झुऱ्या वर्तक (कोरे), पर्यावरण क्षेत्र के लिए लायन दीपक सखाराम चौधरी (मथाणे), सहकार क्षेत्र के लिए पुरुषोत्तम ठकसेन पाटील (रामबाग माकुणसार), चिकित्सा क्षेत्र के लिए डॉ. अतुल मार्तंड पुरंदरे (कोरे), कृषि क्षेत्र के लिए उमेश शंकर पाटील (मथाणे), कला क्षेत्र के लिए धनेश बळीराम गावड (टेंभीखोडावे), महिला सशक्तीकरण के लिए हर्षदा अल्पेश घरत (विराथन), साहित्य क्षेत्र के लिए महेंद्र रामचंद्र पाटील (मायखोप), सशस्त्र वर्दीधारी सेवा क्षेत्र के लिए हर्षल अरुण पाटील (सफाळे) तथा खेल क्षेत्र के लिए ऋणीता विशाल पाटील (सफाळे) को सम्मानित किया गया।
लायन्स गुणवंत शिक्षक पुरस्कार–२०२६ के प्राथमिक वर्ग में डॉ. फेलिक्स मार्क्यूस डिसोजा — जॉन २३ मराठी स्कूल, वसई; प्रीतम सुनील राऊत — दातिवरे इंग्लिश हायस्कूल, पालघर; किशोर सोमा डोके — जिला परिषद प्राथमिक शाला, कुंभी पाडा, विक्रमगड; संजय नरेश गोतारणे — अनुदानित प्राथमिक आश्रम शाला, कोचाई, तलासरी; लक्ष्मण शंभू माच्छी — शांती आदिवासी विद्यामंदिर, मोरगांव, डहाणू तथा कौस्तुभ सखाराम कुलकर्णी — पीएमश्री जिला परिषद केंद्र शाला, मोखाडा को सम्मानित किया गया।
माध्यमिक वर्ग में हेतल राजा शाह — सेंट जॉन इंटरनेशनल स्कूल, पालघर; चुडामन रामचंद्र पाटील — आदिवासी माध्यमिक विद्यालय, डोल्हारा, मोखाडा; चंद्रकांत साहेबराव सोनवणे — शास्त्री विद्यालय स्कूल, विरार, वसई; वैभव सुदाम वर्तक — श्री बाबुभाई पोंदा जूनियर कॉलेज, डहाणू; कल्पिता महेश भंडारी — भावना देवी भगवान सांबरे इंटरनेशनल स्कूल, झडपोली, विक्रमगड तथा हेमलता भगवानभाई तांडेल — ज्ञानमाता आदिवासी माध्यमिक आश्रम शाला विद्यालय, झरी, तलासरी को लायन्स गुणवंत शिक्षक पुरस्कार–२०२६ प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का प्रास्ताविक सेक्रेटरी लायन कुंदन राऊत ने किया, जबकि पुरस्कारों की पृष्ठभूमि लायन प्रमोद पाटील ने प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन प्रतिभा कदम ने किया तथा आभार प्रदर्शन लायन संदेश पाटील ने किया।
कार्यक्रम के आयोजन में सेक्रेटरी लायन कुंदन राऊत, ट्रेजरर लायन निकेश वर्तक, फर्स्ट वाइस प्रेसिडेंट लायन संदेश पाटील, प्रोजेक्ट को-ऑर्डिनेटर लायन उल्हास सोगले तथा डिस्ट्रिक्ट चेअरपर्सन (एज्यु.) लायन प्रमोद पाटील का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
शिक्षकों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों के सम्मान से संपन्न यह समारोह सामाजिक योगदान को प्रोत्साहित करने तथा शिक्षा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य करने वाली प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ाने वाला रहा।
Comments
Post a Comment