पालघर: वसई के मोरी में अनधिकृत निर्माणों पर राजस्व प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ५७४ घर और निर्माण ध्वस्त।
पालघर: वसई के मोरी में अनधिकृत निर्माणों पर राजस्व प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, ५७४ घर और निर्माण ध्वस्त।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ राजस्व प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में १ सितंबर २०२६ को वसई तहसील के मौजे मोरी में बड़ी निष्कासन कार्रवाई करते हुए कुल ५७४ अनधिकृत निर्माणों और घरों को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई जिलाधिकारी डॉ. इंदू रानी जाखड के मार्गदर्शन में की गई।
प्रशासन के अनुसार, मोरी स्थित निजी भूमि के सर्वे नंबर १६/२/१, ३१, १७/३, ३७, १३/१/१, १३/१/२, १६/४/३, १३/२ और २९/३ पर बड़े पैमाने पर आवासीय, वाणिज्यिक और औद्योगिक अनधिकृत निर्माण किए जाने की शिकायतें मिली थीं। संबंधित खातेदारों को महाराष्ट्र प्रादेशिक एवं नगर रचना अधिनियम, १९६६ की धारा ५३ के तहत १४ अगस्त को नोटिस जारी कर भूमि स्वामित्व के दस्तावेज, निर्माण अनुमति, स्वीकृत नक्शा और उपयोग अनुमति प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे।
निर्धारित अवधि में संतोषजनक एवं वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की। एसआईआर चुनाव कार्य के कारण यह कार्रवाई लंबित थी, लेकिन उसके प्रथम चरण के पूरा होने के बाद इसे तत्काल शुरू किया गया। पुलिस बंदोबस्त, महिला पुलिसकर्मियों की मौजूदगी तथा तलाठी और मंडल अधिकारियों की प्रत्यक्ष निगरानी में जेसीबी और पोकलेन की सहायता से ५७४ निर्माण ध्वस्त किए गए।
मोरी क्षेत्र के शेष अनधिकृत निर्माणों पर भी कार्रवाई चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगी। तहसीलदार तथा कार्यकारी दंडाधिकारी, वसई ने नागरिकों से सक्षम प्राधिकरण की अनुमति के बिना सरकारी या निजी भूमि पर निर्माण नहीं करने और स्वीकृत नक्शे व लागू कानूनों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति किए गए अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
Comments
Post a Comment