पालघर: युवा खिलाड़ियों समेत गंजाड के कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, कैप्टन सत्यम ठाकूर ने किया स्वागत।

पालघर: युवा खिलाड़ियों समेत गंजाड के कार्यकर्ताओं ने थामा कांग्रेस का हाथ, कैप्टन सत्यम ठाकूर ने किया स्वागत।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले में युवाओं के कांग्रेस से जुड़ने का सिलसिला जारी रहने का दावा किया गया है। इसी क्रम में वाणगांव स्थित कांग्रेस कार्यालय में पालघर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कैप्टन सत्यम ठाकूर के नेतृत्व में दो युवा समूहों ने कांग्रेस में प्रवेश किया।
पालघर जिले के युवा टेनिस-बॉल क्रिकेट खिलाड़ी भारत चिखलीकर, लेदर-बॉल क्रिकेट खिलाड़ी कौशिक और तन्विश वाझे, चिंचणी के जयेश रावरे तथा विनायक तामोरे ने अपने युवा साथियों के साथ कांग्रेस में प्रवेश किया। इस समूह में मोर्गरबाव, दांडी–पालघर और नवरपुर–बोईसर क्षेत्र के युवा समर्थक भी शामिल रहे।
भारत चिखलीकर ने कहा कि कैप्टन सत्यम ठाकूर की कार्यपद्धति और जनता से सीधे संवाद से प्रभावित होकर उन्होंने कांग्रेस से जुड़ने का निर्णय लिया। उन्होंने समाजसेवा और जनसमस्याओं के लिए काम करने की इच्छा भी व्यक्त की।
दूसरे समूह ने युवा कार्यकर्ता अविनाश वांगड के नेतृत्व में कांग्रेस में प्रवेश किया। अविनाश वांगड ने बताया कि वे सामाजिक माध्यमों के जरिए कैप्टन सत्यम ठाकूर के कार्यों से परिचित हुए थे और लगभग छह महीने पहले उनकी मुलाकात भी हुई थी। उन्होंने अपने गांव की एक समस्या के समाधान में सत्यम ठाकूर द्वारा की गई सहायता का उल्लेख करते हुए कांग्रेस से जुड़ने की बात कही।
उन्होंने बताया कि गंजाड और आसपास के युवाओं की बैठक जल्द आयोजित की जाएगी, जिसके बाद बड़े स्तर पर पक्षप्रवेश कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी है।
कैप्टन सत्यम ठाकूर ने दोनों समूहों के नए सदस्यों का कांग्रेस परिवार में स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युवाओं का संगठन से जुड़ना महत्वपूर्ण है और सभी को मिलकर समाज तथा संगठन के लिए काम करना चाहिए।
उन्होंने क्रिकेट का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह क्रिकेट में टीम महत्वपूर्ण होती है, उसी तरह राजनीति में भी टीम की भूमिका अहम है। नए खिलाड़ियों, नई ऊर्जा और नए उत्साह के साथ संगठन को मजबूत करने के लिए सामूहिक रूप से काम करने की बात उन्होंने कही।
कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता नामदेव पाटील, डहाणू तालुका कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा वायडा, तालुका कार्याध्यक्ष विकास माडवे, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्वप्नील पाटील, वाणगांव ग्राम पंचायत सदस्य अक्षय ढोडी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।