पालघर: जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा २०२६’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ।
पालघर: जिले में ‘स्वच्छता ही सेवा २०२६’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का शुभारंभ।
अखिलेश चौबे
पालघर। शासन की मार्गदर्शक सूचनाओं के अनुसार जिला परिषद पालघर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे के मार्गदर्शन में ‘स्वच्छता ही सेवा २०२६’ और ‘सेवा संकल्प अभियान’ का जिलास्तरीय शुभारंभ १७ सितंबर को पालघर तालुका की नंडोर-देपखोप ग्राम पंचायत में जिला पानी एवं स्वच्छता मिशन के परियोजना संचालक अतुल पारसकर की प्रमुख उपस्थिति में किया गया।
ग्राम पंचायत कार्यालय में महात्मा गांधी और संत गाडगेबाबा की प्रतिमाओं का पूजन कर अभियान की शुरुआत हुई। इसके बाद नंडोरे उपकेंद्र में ‘श्री गणेशा आरोग्याचा’ उपक्रम के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया गया। इसमें रक्तचाप, मधुमेह तथा गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही आंगनवाड़ी, शिव मंदिर और तालाब परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर वृक्षारोपण किया गया।
‘स्वच्छता ही सेवा २०२६’ अभियान १७ सितंबर से २ अक्टूबर २०२६ तक चलेगा। इस वर्ष अभियान की संकल्पना ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। इसके तहत पालघर जिले की सभी आंगनवाड़ियों, विद्यालयों और ग्राम पंचायतों में स्वच्छता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और उपकेंद्रों में रक्तचाप, मधुमेह तथा गर्भवती माताओं की स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी।
स्वच्छ भारत और विकसित भारत के निर्माण में नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर अभियान के माध्यम से जोर दिया जा रहा है। अतुल पारसकर ने कहा कि नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायतों, सरकारी विभागों, महिला स्वयं सहायता समूहों, युवाओं, विद्यार्थियों, आंगनवाड़ी सेविकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी से स्वच्छता अभियान को व्यापक बनाने में यह अभियान महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर पालघर पंचायत समिति के गट विकास अधिकारी संजय भोये, सहायक गट विकास अधिकारी बापुराव नाळे, तालुका स्वास्थ्य अधिकारी तन्वीर शेख, विस्तार अधिकारी राजेश कोळी, सरपंच सोनल घोडके, उपसरपंच सुचिता पाटील, ग्राम पंचायत अधिकारी निलेश देवरे, ग्राम पंचायत सदस्य तथा जिला पानी एवं स्वच्छता कक्ष के आत्माराम विशे, संजय ठाकरे और रूपाली मोहनकर सहित ग्रामवासी, आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता और स्वयं सहायता समूहों के सदस्य उपस्थित रहे।
Comments
Post a Comment