पालघर: मोकाट गोवंश से होने वाले हादसे रोकने के लिए पालघर में विशेष अभियान।

पालघर: मोकाट गोवंश से होने वाले हादसे रोकने के लिए पालघर में विशेष अभियान।

अखिलेश चौबे 
पालघर। सड़कों पर मोकाट घूमने वाले गोवंश के कारण होने वाले हादसों को रोकने और पशुओं को सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराने के लिए पालघर जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे की अध्यक्षता में गोरक्षक और गोशाला प्रतिनिधियों की बैठक में अभियान की रूपरेखा तय की गई।
मनोज रानडे ने गोवंश मालिकों से अपील की कि सड़क पर मोकाट घूम रही अपनी गाय, बैल अथवा अन्य पशुओं को दो दिनों के भीतर अपने कब्जे में लें। इसके बाद भी पशु सड़क पर मोकाट पाए जाने पर प्रशासन उन्हें अपने कब्जे में लेकर गोशालाओं में भेजेगा। इसके लिए ८ सितंबर की रात विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान में पुलिस बंदोबस्त के साथ पशुओं को वाहनों में सुरक्षित तरीके से गोशालाओं तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान के लिए मोकाट गोवंश की संख्या, गोशालाओं की क्षमता, आवश्यक स्थान, परिवहन व्यवस्था और मनुष्यबल का नियोजन किया जा रहा है। इसमें सीएसआर संस्थाओं और स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग भी लिया जाएगा। पालघर-माहिम-बोईसर क्षेत्र के पशुओं को देवखोप और वसई, जबकि आच्छाड-चारोटी क्षेत्र के पशुओं को वापी की गोशालाओं में भेजने का प्रारंभिक नियोजन किया गया है।
बैठक में मनोज शहा, केदार लेले, दामोदर दुलालदास, किशोर कराळे, सुरेशभाई सावला सहित जिले के गोरक्षक, जिला पशुसंवर्धन अधिकारी डॉ. प्रकाश हसनाळकर और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। गोरक्षकों ने अभियान के दौरान कार्य करने वालों को पहचानपत्र अथवा बिल्ला देने, पुलिस द्वारा पकड़े गए पशुओं से जुड़े कानूनी मामलों में गोशालाओं को प्रशासनिक सहयोग देने तथा परिवहन का खर्च प्रशासन द्वारा उठाने की मांग की। पशु परिवहन में उपयोग होने वाली एंबुलेंस का रंग एक समान रखने का सुझाव भी दिया गया।
कुछ गोरक्षकों ने स्वेच्छा से गोवंश की देखभाल की जिम्मेदारी लेने की तैयारी जताई। प्रशासन ने नागरिकों से अपने पशुओं को सड़क पर मोकाट न छोड़ने और अभियान को सफल बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।