मुंबई: गणेशोत्सव के माध्यम से जनता तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी, ‘लोकसंवाद-२०२६’ अभियान शुरू।
मुंबई: गणेशोत्सव के माध्यम से जनता तक पहुंचेगी सरकारी योजनाओं की जानकारी, ‘लोकसंवाद-२०२६’ अभियान शुरू।
अखिलेश चौबे
मुंबई। महाराष्ट्र के सार्वजनिक जीवन में व्यापक जनभागीदारी वाले गणेशोत्सव के माध्यम से सरकारी योजनाओं, उपक्रमों और नीतिगत निर्णयों की जानकारी सीधे नागरिकों तक पहुंचाने के लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से ‘लोकसंवाद-२०२६’ विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान १६ से २४ सितंबर २०२६ तक पूरे राज्य में आयोजित किया जाएगा।
राज्य सरकार द्वारा गणेशोत्सव को ‘राज्य महोत्सव’ घोषित किए जाने की पृष्ठभूमि में बड़ी संख्या में नागरिकों के एकत्र होने वाले प्रमुख गणेश मंडलों में ‘लोकसंवाद’ कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना ही नहीं, बल्कि नागरिकों से प्रत्यक्ष संवाद स्थापित करना और पात्र लाभार्थियों को संबंधित योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन देना भी है।
‘लोकसंवाद-२०२६’ के अंतर्गत प्रत्येक जिले के प्रमुख एवं प्रतिष्ठित गणेशोत्सव मंडलों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें कृषि, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, सामाजिक न्याय, सहकारिता, विपणन, सार्वजनिक स्वास्थ्य, कौशल विकास, खेल एवं युवा कल्याण सहित विभिन्न सरकारी विभागों की भागीदारी रहेगी।
कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों को किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, खेत तालाब और कृषि उपकरणों के लिए अनुदान जैसी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। महिला स्वयं सहायता समूहों तथा महिलाओं के उच्च शिक्षा से संबंधित योजनाओं की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। युवाओं और विद्यार्थियों को शिक्षा, कौशल विकास, छात्रवृत्ति तथा विभिन्न रियायतों से संबंधित योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन मिलेगा।
स्वास्थ्य क्षेत्र में महात्मा ज्योतिराव फुले जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत, हिंदूहृदयसम्राट बालासाहेब ठाकरे अपना दवाखाना और मुख्यमंत्री चिकित्सा सहायता कक्ष सहित निःशुल्क जांच, औषधोपचार एवं छात्रवृत्ति से संबंधित सुविधाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाई जाएगी।
कौशल विकास के अंतर्गत कौशल प्रशिक्षण, मुख्यमंत्री रोजगार प्रशिक्षण कार्यक्रम और स्वरोजगार ऋण योजना के साथ बार्टी, सारथी और महाज्योति जैसी संस्थाओं की योजनाओं की जानकारी युवाओं एवं नागरिकों को दी जाएगी। इसके अलावा महाडीबीटी, साइबर सुरक्षा, सूचना का अधिकार और ‘आपले सरकार’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जनजागरूकता की जाएगी।
‘लोकसंवाद-२०२६’ को प्रभावी बनाने के लिए कृषि, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, खेल एवं युवा कल्याण, सहकारिता, विपणन, कौशल विकास, सामाजिक न्याय तथा पुलिस विभाग सहित संबंधित सरकारी यंत्रणाओं के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा।
कार्यक्रमों में स्थानीय क्षेत्रीय अधिकारी, जिलास्तरीय वरिष्ठ अधिकारी और संबंधित विषयों के विशेषज्ञ गणेशोत्सव मंडलों में प्रत्यक्ष उपस्थित रहकर नागरिकों को मार्गदर्शन देंगे। इससे नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं के संबंध में सीधे एवं अधिकृत जानकारी प्राप्त हो सकेगी।
जहां संभव होगा, ‘लोकसंवाद-२०२६’ कार्यक्रमों का फेसबुक और यूट्यूब पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। सामाजिक माध्यमों पर #गणेशोत्सव२०२६ और #लोकसंवाद२०२६ जैसे हैशटैग का उपयोग किया जाएगा। इसके माध्यम से कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित न हो पाने वाले नागरिकों तक भी सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने राज्य के गणेश मंडलों से इस अभियान में सहभागी बनने का आह्वान किया है। इच्छुक गणेश मंडल अपने-अपने जिले के जिला सूचना कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। वहीं मुंबई शहर और मुंबई उपनगर के गणेश मंडलों को सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, मंत्रालय, मुंबई से संपर्क करने की अपील की गई है।
Comments
Post a Comment