पालघर: गणेश नाईक के जन्मदिन पर बोईसर में ३५ वें वर्ष का महारक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर सफल, १०३ लोगों ने किया रक्तदान, १७० नागरिकों की स्वास्थ्य जांच।
पालघर: गणेश नाईक के जन्मदिन पर बोईसर में ३५ वें वर्ष का महारक्तदान एवं स्वास्थ्य जांच शिविर सफल, १०३ लोगों ने किया रक्तदान, १७० नागरिकों की स्वास्थ्य जांच।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले के पालकमंत्री एवं महाराष्ट्र सरकार के कैबिनेट मंत्री तथा विधायक गणेश नाईक के जन्मदिन के उपलक्ष्य में रविवार, १३ सितंबर २०२६ को बोईसर पश्चिम स्थित डॉन बॉस्को स्कूल, खोदाराम बाग में सामाजिक सेवा का उल्लेखनीय आयोजन किया गया। शिवशक्ति सामाजिक संगठना, पालघर, श्रमिक कामगार संगठना तथा पालघर जिला ऑटो-रिक्शा टैक्सी चालक-मालक संगठना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ३५वें वर्ष के महारक्तदान एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर को नागरिकों का उत्स्फूर्त प्रतिसाद मिला।
सुबह १० बजे से शाम ४ बजे तक चले इस शिविर में कुल १०५ रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। इसके अलावा १७० नागरिकों की सामान्य स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच की गई, जबकि ३५ महिलाओं की निःशुल्क स्तन कैंसर जांच की गई। इस माध्यम से जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने के साथ ही नागरिकों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सेवाएं और जागरूकता प्रदान करने का प्रयास किया गया।
शिविर का शुभारंभ आयोजन प्रमुख संजय जे. पाटील सहित उपस्थित अतिथियों द्वारा महाराजाधिराज छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर पालकमंत्री गणेश नाईक के जन्मदिन के उपलक्ष्य में उन्हें शुभकामनाएं भी प्रेषित की गईं।
आयोजकों ने शिविर को केवल रक्तदान तक सीमित न रखते हुए आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था की। स्वारोग्या प्योर होम्योपैथी क्लिनिक की डॉ. जान्हवी सं. पाटील द्वारा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इसके साथ ही नागरिकों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
शिविर के दौरान जरूरतमंद ऑटो-रिक्शा चालकों को निःशुल्क चश्मे एवं आई-ड्रॉप वितरित किए गए। महिलाओं के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए जरूरतमंद सैकड़ों महिलाओं को सेनेटरी पैड भी वितरित किए गए।
विशेष रूप से ३५ महिलाओं की स्तन कैंसर जांच शिविर का महत्वपूर्ण हिस्सा रही। महिलाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा संभावित बीमारी की समय रहते पहचान करने के उद्देश्य से की गई इस जांच को स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल माना गया।
शिवशक्ति सामाजिक संगठना के आयोजन प्रमुख संजय जे. पाटील ने कहा कि समाज के कमजोर वर्गों की सहायता करना तथा प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सहयोग पहुंचाना संस्था का मूल उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संस्था ने कोविड महामारी सहित विभिन्न कठिन परिस्थितियों में भी आम नागरिकों की सेवा करने का अवसर हाथ से नहीं जाने दिया।
उन्होंने कहा कि सामाजिक सेवा का यह कारवां भविष्य में भी निरंतर आगे बढ़ता रहे, यही ईश्वर से प्रार्थना है। शिविर की सफलता के लिए आयोजकों ने सहयोग करने वाले सभी चिकित्सकों, चिकित्सा कर्मचारियों, कार्यकर्ताओं, रक्तदाताओं, स्वयंसेवकों तथा उपस्थित नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
रक्तदान, स्वास्थ्य जांच, नेत्र परीक्षण, महिलाओं की स्तन कैंसर जांच, चश्मे एवं आई-ड्रॉप वितरण तथा सेनेटरी पैड वितरण जैसी विभिन्न सेवाओं के माध्यम से आयोजित यह शिविर सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी का व्यापक संगम बना।
Comments
Post a Comment