पालघर: कुंदन संखे समेत १७ लोगों के खिलाफ शिकायत, पालघर के रिलीफ अस्पताल में हंगामे का आरोप.।गोविंदा पथक के घायलों से उपचार के दौरान जांच शुल्क मांगे जाने पर विवाद।

पालघर: कुंदन संखे समेत १७ लोगों के खिलाफ शिकायत, पालघर के रिलीफ अस्पताल में हंगामे का आरोप.।
गोविंदा पथक के घायलों से उपचार के दौरान जांच शुल्क मांगे जाने पर विवाद।

अखिलेश चौबे 
पालघर। डोंबिवली में नगरसेवक रमेश म्हात्रे द्वारा चिकित्सक से कथित मारपीट का मामला पिछले दो महीनों से चर्चा में रहने के बीच पालघर शहर के एक अस्पताल में गोविंदा पथक के घायलों के उपचार को लेकर विवाद सामने आया है। आरोप है कि उपचार के दौरान जांच शुल्क मांगे जाने पर शिवसेना के कुछ कार्यकर्ताओं ने अस्पताल में हंगामा किया, अस्पताल में तोड़फोड़ करने की धमकी दी तथा महिला चिकित्सक से अभद्र भाषा में सवाल-जवाब किए। इस मामले में शिवसेना जिला प्रमुख कुंदन संखे, शहर प्रमुख राहुल घरत, विधायक राजेंद्र गावित के पुत्र रोहित गावित समेत १७ लोगों के खिलाफ पालघर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
जानकारी के अनुसार, पालघर शहर के बाहरी मार्ग पर स्थित शिवसेना जिला प्रमुख के कार्यालय परिसर में दहीहंडी उत्सव का आयोजन किया गया था। इसके लिए भव्य मंच, प्रकाश व्यवस्था, संगीत व्यवस्था और नागरिकों के बैठने की व्यवस्था की गई थी। दहीहंडी उत्सव में शिवसेना विधायक राजेंद्र गावित सहित कई लोगों ने सहभागिता की। शनिवार देर शाम उत्सव शुरू होने के बाद हंडी फोड़ने के प्रयास में घायल हुए गोविंदा पथक के सदस्यों को कार्यालय के समीप स्थित रिलीफ अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया।
अस्पताल में मध्यरात्रि तक छाती में चोट के दो तथा सिर, रीढ़ और कंधे में चोट के पांच मरीजों का उपचार चल रहा था। चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार कुछ मरीजों की सीटी स्कैन और कुछ की एक्स-रे जांच की गई। सिर और रीढ़ में चोट वाले मरीजों को चिकित्सकीय सलाह के अनुसार २४ घंटे निगरानी में रखने के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया तथा आवश्यकतानुसार रेडियोलॉजी जांच की जा रही थी।
इसी दौरान उपचार एवं जांच शुल्क को लेकर विवाद उत्पन्न होने का आरोप है। शिकायत के अनुसार, कुछ लोगों ने अस्पताल में हंगामा करते हुए चिकित्सकीय कर्मचारियों से कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया। एक कर्मचारी को शिवसेना के स्थानीय पदाधिकारी द्वारा थप्पड़ मारने तथा अस्पताल में तोड़फोड़ करने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। मामले में कुंदन संखे, राहुल घरत, रोहित गावित सहित १७ लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज होने के बाद पुलिस द्वारा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।