पालघर: गणेश विसर्जन शोभायात्राओं में उमड़ा आस्था का सैलाब, बोईसर में विहिप-बजरंग दल ने किया भव्य स्वागत।25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को बांटे वड़ा-पाव और पानी।
पालघर: गणेश विसर्जन शोभायात्राओं में उमड़ा आस्था का सैलाब, बोईसर में विहिप-बजरंग दल ने किया भव्य स्वागत।
25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को बांटे वड़ा-पाव और पानी।
अखिलेश चौबे
पालघर। भक्ति, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया 11 दिवसीय गणेशोत्सव शुक्रवार, 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी के अवसर पर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के साथ संपन्न हुआ। जिलेभर में सुबह से ही गणेश भक्तों में बाप्पा को अंतिम विदाई देने का उत्साह दिखाई दिया। श्रद्धालुओं ने परिवार में सुख, शांति, समृद्धि और आनंद की कामना करते हुए भगवान गणेश की पूजा-अर्चना और आरती की तथा भावुक मन से उन्हें विदाई दी।
गणेश विसर्जन के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में देर रात तक शोभायात्राएं निकाली गईं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने “गणपति बाप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ...” के जयघोष के साथ गणेश प्रतिमाओं को विसर्जन स्थलों तक पहुंचाया।
पारंपरिक ढोल-ताशों की थाप, सतरंगी रोशनी, आकर्षक झांकियों और आतिशबाजी के बीच प्रतिमाओं का विधि-विधान तथा आरती के साथ नदियों, तालाबों और समुद्र में विसर्जन किया गया। इस दौरान डीजे-रहित वातावरण में पारंपरिक तरीके से गणेशोत्सव की विदाई का दृश्य देखने को मिला।
औद्योगिक शहर बोईसर में सार्वजनिक गणेश मंडलों की विसर्जन शोभायात्राओं को देखने के लिए शाम होते-होते बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़कों पर उमड़ पड़े। बाप्पा की विदाई के साक्षी बनने और भगवान गणेश की एक झलक पाने के लिए लोग हाथ जोड़कर सड़कों के दोनों ओर खड़े दिखाई दिए। कई श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा के दृश्य अपने मोबाइल कैमरों में कैद किए।
विसर्जन शोभायात्राओं के दौरान धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक जागरूकता के संदेश भी दिए गए। बोईसर के नवापुर नाका स्थित न्यू बृजवासी स्वीट्स के सामने श्री स्वामी नरेंद्राचार्य जी महाराज के अनुयायियों ने हाथों में पोस्टर लेकर लोगों से रक्तदान करने और व्यसनमुक्ति अपनाने की अपील की।
बोईसर थाना क्षेत्र की 27 सार्वजनिक गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बोईसर थाना क्षेत्र के कुल 27 सार्वजनिक गणेश मंडलों की प्रतिमाओं का अनंत चतुर्दशी के अवसर पर विभिन्न विसर्जन स्थलों पर विसर्जन किया गया। इनमें बेटेगांव गणेश कुंड में 21, वंजारवाडा कुंड में 3, बिरवाड़ी तालाब पाड़ा में 1, आलेवाड़ी समुद्र में 1 तथा नांदगांव-आलेवाड़ी में 1 गणेश प्रतिमा का विसर्जन शामिल रहा।
विहिप-बजरंग दल ने लगाया भव्य स्वागत मंच
इसी अवसर पर बोईसर पश्चिम के नवापुर नाका पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष स्वर्गीय अशोक सिंघल के जन्मशताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में विहिप-बजरंग दल, बोईसर प्रखंड की ओर से भव्य स्वागत मंच बनाया गया था।
इस स्वागत मंच से शुक्रवार, 25 सितंबर की देर शाम तक गणेश विसर्जन के लिए जा रही विभिन्न शोभायात्राओं का स्वागत किया गया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए उन्हें जलपान कराया गया। विहिप-बजरंग दल की ओर से शोभायात्रा में शामिल हजारों श्रद्धालुओं के लिए व्यापक जलपान व्यवस्था की गई थी।
25 हजार से अधिक वड़ा-पाव और पानी का वितरण
स्वागत कार्यक्रम के दौरान विहिप-बजरंग दल की ओर से 25 हजार से अधिक वड़ा-पाव तथा ठंडे पानी का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने इस जलपान व्यवस्था का लाभ लिया। देर शाम तक शोभायात्राओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा और आयोजन स्थल पर स्वयंसेवक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।
पुलिस अधिकारियों का नागरिक अभिनंदन
गणेशोत्सव के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा उत्सव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन की भूमिका के मद्देनजर पालघर पुलिस अधीक्षक यतिश देशमुख तथा बोईसर थाना प्रभारी सुनील एस. जाधव का नागरिक अभिनंदन किया गया।
इसके अलावा विभिन्न गणेश मंडलों के पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों, उद्यमियों, राजनीतिज्ञों तथा मीडियाकर्मियों का भी स्मृति चिह्न, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मान किया गया।
स्वामी भारतानंद सरस्वती ने दिया सामाजिक एकता का संदेश
कार्यक्रम में उपस्थित स्वामी भारतानंद सरस्वती जी महाराज ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए गणेशोत्सव को सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व बताया। उन्होंने कहा कि समाज को जाति, प्रांत और आर्थिक भेदभाव से ऊपर उठकर संगठित होने की आवश्यकता है, क्योंकि एकता में ही समाज की शक्ति और भलाई निहित है।
उन्होंने गणेशोत्सव के माध्यम से सामाजिक समरसता, एकता और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया।
भव्य स्वागत कार्यक्रम के दौरान विहिप उत्तर मुंबई विभाग के सहमंत्री चंदन सिंह, जिला मंत्री जयेश घरत, सहमंत्री रामरंजन सिंह, बोईसर प्रखंड प्रमुख एसपी सिंह, मंत्री अरविंद सिंह, मठ-मंदिर संपर्क प्रमुख गणेश राणा, धर्म प्रचार प्रमुख मायाराम गुप्ता, बजरंग दल मंडल प्रमुख रॉबिन सिंह, किशन गढ़वी, मातृशक्ति प्रमुख शैलबाला सिंह यादव, वंशी गुप्ता और नरेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवक तथा धर्मानुरागी नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन बजरंग दल के मनोज मिश्रा ने किया। उनकी परिचित शैली में किए गए संचालन के बीच स्वागत समारोह देर शाम तक चलता रहा।
इस प्रकार एक ओर जहां अनंत चतुर्दशी पर श्रद्धालुओं ने धार्मिक आस्था और भावनाओं के साथ भगवान गणेश को अंतिम विदाई दी, वहीं बोईसर में आयोजित स्वागत कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक एकता, रक्तदान, व्यसनमुक्ति और सेवा का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया।
Comments
Post a Comment