पालघर: बोईसर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान, नन्हे कलाकारों ने दिया जागरूकता का संदेश।रोटरी क्लब के अभियान में बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, कविता और नृत्य से स्वच्छता का संदेश दिया।

पालघर: बोईसर रेलवे स्टेशन पर स्वच्छता अभियान, नन्हे कलाकारों ने दिया जागरूकता का संदेश।
रोटरी क्लब के अभियान में बच्चों ने नुक्कड़ नाटक, कविता और नृत्य से स्वच्छता का संदेश दिया।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर रेलवे स्टेशन परिसर में शुक्रवार को सुबह 9 बजे से 11 बजे तक रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर की ओर से स्वच्छता एवं जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान में आनंदी गोपाल स्कूल की नर्सरी कक्षा के नन्हे विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक, कविता और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रभावी संदेश दिया।
नन्हे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से यात्रियों और नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने, रेलवे स्टेशन परिसर को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। बच्चों की सहज, मनोरंजक और प्रभावी प्रस्तुतियों ने यात्रियों एवं उपस्थित नागरिकों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें खूब सराहना मिली।

इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से दिया गया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज तक अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचता है।
आनंदी गोपाल स्कूल के संचालक भरत नायकोडी ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि नन्हे बच्चों द्वारा दिया गया स्वच्छता का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक आसानी से पहुंचता है। वहीं बोईसर स्टेशन अधीक्षक मदन मोहन शर्मा ने कहा कि रेलवे स्टेशन जैसे सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ बनाए रखने के लिए यात्रियों और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने रोटरी क्लब की इस पहल की सराहना की।
रेलवे अधिकारी बिजेन्द्र सिंह मीणा और किशोर कुमार लखाना तथा परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन मुकेश भाटिया ने भी नन्हे कलाकारों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि नुक्कड़ नाटक जैसे प्रभावी माध्यम से स्वच्छता और जागरूकता का संदेश देना सराहनीय पहल है। परियोजना अध्यक्ष रोटेरियन मुकेश भाटिया की विशेष सक्रिय भागीदारी, समन्वय और निरंतर प्रयासों से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों, रेलवे अधिकारियों, रोटरी सदस्यों और नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अभियान के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में ऑक्सीजनयुक्त पौधों के गमले भी स्थापित किए गए। इसके माध्यम से स्टेशन परिसर को स्वच्छ और हरित बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया। विद्यार्थियों ने पौधों की स्थापना और स्वच्छता अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा यात्रियों को स्वच्छ, सुंदर और हरित रेलवे स्टेशन का संदेश दिया।

कार्यक्रम में आनंदी गोपाल स्कूल के शिक्षक, विद्यार्थियों के अभिभावक, रेलवे कर्मचारी, यात्री, बोईसर के गणमान्य नागरिक तथा रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर के सदस्यों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। इनमें तत्कालीन अध्यक्ष रामनारायण गोयल, फर्स्ट लेडी अर्चना वैश्य, पूर्व अध्यक्ष रमेश मित्तल, विलास शाहपुरे, राजेश सामंत, जगदीश भूते, अध्यक्ष निर्वाचित अलका जैन, रोटेरियन स्मिता जाधव, राजीव रंजन, रमेश पंडा, रत्नामाला बंग, चंदन मिश्रा और सोहन सामंत सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
रोटरी क्लब ऑफ बोईसर-तारापुर की इस पहल का उद्देश्य रेलवे स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं हरित बनाने के साथ यात्रियों, नागरिकों और विशेष रूप से विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। नन्हे विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और पौधारोपण गतिविधि के माध्यम से अभियान में स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी प्रभावी ढंग से दिया गया।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।

पालघर: तारापुर एमआईडीसी में ओलियम गैस रिसाव से हड़कंप - भघेरिया केमिकल्स से निकली जहरीली गैस।प्रशासन की आपात चेतावनी; गांवों में सतर्कता, तकनीकी दल जुटा।