पालघर: लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के निपटारे के लिए महाडीबीटी 1.० पोर्टल १५ सितंबर तक रहेगा सक्रिय।
पालघर: लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के निपटारे के लिए महाडीबीटी 1.० पोर्टल १५ सितंबर तक रहेगा सक्रिय।
अखिलेश चौबे
पालघर। भारत सरकार की पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति तथा पोस्ट-मैट्रिक शिक्षा शुल्क एवं परीक्षा शुल्क प्रतिपूर्ति (फ्रीशिप) योजनाओं के अंतर्गत लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों के शीघ्र निपटारे के लिए समाज कल्याण विभाग की ओर से विशेष कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत महाडीबीटी १.० पोर्टल को १५ सितंबर २०२६ तक सक्रिय रखा गया है। संबंधित महाविद्यालयों तथा विभागीय स्तर पर लंबित आवेदनों की जांच और आवश्यक प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
समाज कल्याण विभाग के अनुसार, शैक्षणिक वर्ष २०२५-२६ तथा इससे पहले के वर्षों के लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों का निपटारा किया जाना है। विशेष रूप से २०२१-२२, २०२२-२३, २०२३-२४, २०२४-२५ और २०२५-२६ के लंबित आवेदनों की जांच कर उनमें पाई जाने वाली आवश्यक त्रुटियों को दूर करने की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश संबंधित महाविद्यालयों को दिए गए हैं।
लंबित आवेदनों में विद्यार्थियों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी, आवश्यक दस्तावेज, पात्रता तथा अन्य संबंधित विवरणों की महाविद्यालय स्तर पर जांच की जाएगी। जांच के दौरान आवेदन में किसी प्रकार की कमी या त्रुटि पाए जाने पर उसे दूर करने की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। पात्र पाए जाने वाले आवेदनों को आगे की कार्रवाई के लिए तत्काल भेजने के निर्देश दिए गए हैं।
वहीं, जिन विद्यार्थियों के आवेदन विद्यार्थी स्तर पर लंबित हैं, उन्हें तत्काल समाज कल्याण कार्यालय से संपर्क करने तथा आवेदन में बताई गई त्रुटियों एवं कमियों की पूर्ति करने की सलाह दी गई है। इससे पात्र विद्यार्थियों के आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित रहने से बचाए जा सकेंगे।
समाज कल्याण विभाग ने स्पष्ट किया है कि १० सितंबर से १५ सितंबर २०२६ तक महाडीबीटी १.० पोर्टल पर नए छात्रवृत्ति आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। नए छात्रवृत्ति आवेदनों के लिए विद्यार्थियों को महाडीबीटी २.० पोर्टल का उपयोग करना होगा।
इस अवधि में महाडीबीटी १.० पोर्टल का उपयोग मुख्य रूप से पहले से लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों की प्रक्रिया पूरी करने के लिए किया जाना है। इसलिए संबंधित महाविद्यालयों और विद्यार्थियों से लंबित आवेदनों की स्थिति की तत्काल जांच कर आवश्यक कमियां दूर करने का आह्वान किया गया है।
समाज कल्याण विभाग ने सभी संबंधित महाविद्यालयों से अपील की है कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर लंबित छात्रवृत्ति आवेदनों की जांच, त्रुटि सुधार तथा आवश्यक कार्रवाई पूरी करें, ताकि किसी भी पात्र विद्यार्थी का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे और उन्हें छात्रवृत्ति अथवा शुल्क प्रतिपूर्ति योजना का लाभ समय पर मिल सके। यह अपील पांडुरंग वाबले, सहायक आयुक्त, समाज कल्याण, पालघर ने की है।
Comments
Post a Comment