पालघर: नागरिक संरक्षण दल के टीओटी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पहचान पत्र वितरित, आपदा प्रबंधन में सेवा और तत्परता का दिया गया संदेश।
पालघर: नागरिक संरक्षण दल के टीओटी प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाणपत्र एवं पहचान पत्र वितरित, आपदा प्रबंधन में सेवा और तत्परता का दिया गया संदेश।
अखिलेश चौबे
पालघर। महाराष्ट्र शासन के गृह विभाग (विशेष) के अंतर्गत नागरिक संरक्षण दल के निर्देशानुसार शुक्रवार, 31 जुलाई 2026 को पालघर जिला मुख्यालय स्थित प्रशासकीय भवन ‘अ’ के कक्ष क्रमांक-105 में नागरिक संरक्षण दल द्वारा टीओटी (ट्रेनिंग ऑफ ट्रेनर्स) प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले स्वयंसेवकों के लिए प्रमाणपत्र एवं पहचान पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला उपनियंत्रक के. आर. कुरकुटे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व विभागीय उप विभागीय क्षेत्ररक्षक एवं बोईसर-पालघर पत्रकार संघ (पंजीकृत) के अध्यक्ष रामप्रकाश निराला ने की। इस अवसर पर प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण करने वाले नागरिक संरक्षण दल के स्वयंसेवकों को अतिथियों के हाथों टीओटी प्रमाणपत्र एवं आधिकारिक पहचान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में रामप्रकाश निराला ने कहा कि नागरिक संरक्षण दल के स्वयंसेवक किसी भी प्राकृतिक आपदा, औद्योगिक दुर्घटना, आगजनी अथवा अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन और आम नागरिकों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि टीओटी प्रशिक्षण प्राप्त स्वयंसेवक स्वयं प्रशिक्षित होने के साथ-साथ अन्य नागरिकों को भी आपदा प्रबंधन, प्राथमिक उपचार एवं सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण देकर समाज को अधिक सक्षम बना सकते हैं। उन्होंने सभी स्वयंसेवकों से अनुशासन, सेवा भावना एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
जिला उपनियंत्रक के. आर. कुरकुटे ने कहा कि नागरिक संरक्षण दल का मुख्य उद्देश्य आपदा एवं आपातकालीन परिस्थितियों में प्रशासन को प्रभावी सहयोग प्रदान कर नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि टीओटी प्रशिक्षण प्राप्त प्रशिक्षक भविष्य में अधिक से अधिक स्वयंसेवकों को प्रशिक्षित कर जिले की आपदा प्रबंधन क्षमता को और सशक्त बनाएंगे।
इस अवसर पर राष्ट्रीय मानवाधिकार एवं महिला बाल विकास आयोग के महासचिव डॉ. रविन्द्र मिश्रा ने कहा कि आपदा के समय प्रशिक्षित एवं संगठित स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने स्वयंसेवकों से मानव सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पालघर विभागीय क्षेत्ररक्षक निलेश सुदाम वझे, पूर्व अधिकारी गौरव पाटील, पत्रकार अजीत सिंह सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वहीं कासा, दहानू, बोईसर, पालघर तथा वसई क्षेत्र से बड़ी संख्या में नागरिक संरक्षण दल के स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर सुदाम वझे ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित स्वयंसेवकों का आभार व्यक्त किया।
Comments
Post a Comment