पालघर: बोईसर-पालघर पत्रकार संघ के जनकल्याणकारी अभियान में शिक्षा, पर्यावरण और अग्नि सुरक्षा का संगम।पांजरे जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री, छाते व घड़ियों का किया वितरण।

पालघर: बोईसर-पालघर पत्रकार संघ के जनकल्याणकारी अभियान में शिक्षा, पर्यावरण और अग्नि सुरक्षा का संगम।
पांजरे जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री, छाते व घड़ियों का किया वितरण।

अखिलेश चौबे 
पालघर। बोईसर-पालघर पत्रकार संघ (पंजीकृत) के तत्वावधान में बुधवार, 29 जुलाई को प्रातः 11 बजे पालघर जिले के महागांव केंद्र अंतर्गत स्थित जिला परिषद प्राथमिक विद्यालय, पांजरे में शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं अग्नि सुरक्षा को समर्पित एक प्रेरणादायी जनजागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री, छाते एवं हाथ की घड़ियों का वितरण किया गया। साथ ही विद्यालय को शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से एक प्रिंटर तथा दीवार घड़ी भी भेंट की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के साथ हुआ। उपस्थित वक्ताओं ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व, अनुशासन, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण तथा आपातकालीन परिस्थितियों में सुरक्षा उपायों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों को उपयोगी शैक्षणिक सामग्री, छाते एवं घड़ियां प्राप्त होने पर उनके चेहरों पर प्रसन्नता साफ दिखाई दी। विद्यालय परिवार एवं ग्रामीणों ने बोईसर-पालघर पत्रकार संघ की इस जनहितैषी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

इस अवसर पर पालघर के सहायक श्रम आयुक्त दिनेश दाभाडे, सरकारी श्रम अधिकारी सचिन खलाणे, पूर्व पुलिस अधीक्षक के. एस. हेगाजे, राष्ट्रीय मानव अधिकार महिला एवं बाल विकास आयोग के मुख्य महासचिव डॉ. रविंद्र मिश्रा तथा सेवानिवृत्त अग्निशमन अधिकारी एस. एस. तिवारी ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने अपने प्रेरक उद्बोधनों में शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी शक्ति बताते हुए अनुशासन, सामाजिक दायित्व, पर्यावरण संरक्षण तथा अग्नि एवं आपदा सुरक्षा के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पालघर जिला कांग्रेस के सचिव रामनरेश यादव, विद्यालय प्रबंधन समिति की अध्यक्षा प्रतीक्षा माली, बोईसर के पूर्व सरपंच काशीराम वळवी, अनुश्री फाउंडेशन की अध्यक्षा पुष्पा तिवारी, बोईसर-पालघर पत्रकार संघ के पदाधिकारी जयप्रकाश पाटील, बी. एन. शुक्ला, प्रवीण पाटील, दीपक निराला, नीता राऊत, ओमप्रकाश द्विवेदी, संगीता शाह, तारा पाटील, आंगनवाड़ी सेविका अनिता भवर, दिग्गज वार्ताहर के संपादक संतोष राणे, वरिष्ठ पत्रकार रविंद्र (राजू) राऊल, अखिलेश चौबे, पराग यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पत्रकार, शिक्षक, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एमआईडीसी बोईसर अग्निशमन दल द्वारा प्रस्तुत किया गया सजीव अग्निशमन प्रदर्शन रहा। अग्निशमन केंद्र अधिकारी विजय मोट, सहायक अधिकारी प्रकाश पाटील तथा उनकी टीम ने आग लगने की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, अग्निशमन उपकरणों के सुरक्षित एवं प्रभावी उपयोग, आग पर नियंत्रण पाने की विभिन्न तकनीकों तथा आपदा के समय बचाव कार्यों का व्यवहारिक प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों ने इस प्रदर्शन को अत्यंत रुचि के साथ देखा तथा अग्नि सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं उपयोगी जानकारियां प्राप्त कीं।

विद्यालय के मुख्याध्यापक अशोक भैराट एवं शिक्षक सुनील शेलार ने विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों तथा बोईसर-पालघर पत्रकार संघ का आभार व्यक्त किया। राज्य पुरस्कार प्राप्त शिक्षक संजय घरत ने कार्यक्रम का प्रभावी संचालन किया, जबकि संघ के महासचिव मोहन म्हात्रे ने पत्रकार संघ द्वारा समाजहित, शिक्षा, जनजागरण एवं जनसेवा के क्षेत्र में किए जा रहे विविध कार्यों की जानकारी उपस्थित जनसमुदाय को दी।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर बोईसर-पालघर पत्रकार संघ के अध्यक्ष रामप्रकाश निराला ने सभी अतिथियों, अधिकारियों, अग्निशमन विभाग के अधिकारियों एवं जवानों, पत्रकार साथियों तथा प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग प्रदान करने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बोईसर-पालघर पत्रकार संघ भविष्य में भी शिक्षा, समाजहित, पर्यावरण संरक्षण, जनजागरण तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित करता रहेगा, ताकि समाज में जागरूकता और सेवा की भावना को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।