पालघर: चिन्मया विद्यालय में इंटरेक्ट क्लब का गठन, वृक्षारोपण कर विद्यार्थियों ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी।
पालघर: चिन्मया विद्यालय में इंटरेक्ट क्लब का गठन, वृक्षारोपण कर विद्यार्थियों ने निभाई पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले की औद्योगिक नगरी बोईसर स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्था चिन्मया विद्यालय में सोमवार को प्राचार्या डिम्पल मिस्त्री के मार्गदर्शन में इंटरेक्ट क्लब ऑफ चिन्मया विद्यालय का पुनर्गठन समारोह गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान नव-निर्वाचित पदाधिकारियों ने विधिवत अपने दायित्व ग्रहण किए, वहीं पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षारोपण अभियान आयोजित कर विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
इंटरेक्ट क्लब का कार्यकाल एक वर्ष का होता है, जिसके अंतर्गत प्रत्येक वर्ष अध्यक्ष, सचिव एवं बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का निर्वाचन किया जाता है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष कुमारी विधि पिम्पले तथा सचिव रोहित विश्नोई ने अपने दायित्व नव-निर्वाचित अध्यक्ष कुमारी अर्यमा द्विवेदी एवं सचिव ऋतुराज प्रधान को विधिवत सौंपे। इस अवसर पर नवगठित टीम ने समाज सेवा, नेतृत्व विकास एवं संगठन के उद्देश्यों के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
समारोह का शुभारंभ चिन्मयानंद गुरुजी को समर्पित वैदिक एवं संस्कृत मंत्रोच्चार के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का पारंपरिक एवं आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, उत्साह और सेवा भावना का वातावरण बना रहा।
समारोह में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य, तत्कालीन अध्यक्ष (आई.पी.पी.) राम नारायण गोयल, विद्यालय के वाइस प्रेसिडेंट, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष एवं यूथ सर्विस डायरेक्टर डॉ. पराग कुलकर्णी, पूर्व अध्यक्ष विनायक पदमवार, क्लब सचिव राकेश जैन, रोटेरियन अलका जैन, रत्ना सिंह तथा शानू ठाकुर की विशेष उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज सेवा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
पिछले दस वर्षों से चिन्मया विद्यालय के इंटरेक्ट क्लब समन्वयक के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे डॉ. पराग कुलकर्णी ने इस अवसर पर रोटेरियन शानू ठाकुर को विद्यालय का नया इंटरेक्ट क्लब समन्वयक नियुक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में इंटरेक्ट क्लब नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा और विद्यार्थियों को समाज सेवा की दिशा में और अधिक प्रेरित करेगा।
रोटरी क्लब ऑफ बोईसर–तारापुर के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण वैश्य ने नव-निर्वाचित अध्यक्ष कुमारी अर्यमा द्विवेदी एवं सचिव ऋतुराज प्रधान को रोटरी पिन पहनाकर उन्हें पद एवं दायित्व की शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इंटरेक्ट क्लब विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, सेवा भावना तथा सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि छात्र जीवन से ही सेवा के संस्कार विकसित होने चाहिए, जिससे युवा भविष्य में जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बन सकें।
यूथ सर्विस डायरेक्टर डॉ. पराग कुलकर्णी ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी युवाओं को नेतृत्व, व्यक्तित्व विकास तथा समाज सेवा के अनेक अवसर प्रदान करती है। इंटरेक्ट क्लब के माध्यम से छात्र-छात्राएँ सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाकर राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या डिम्पल मिस्त्री ने सभी अतिथियों, रोटरी पदाधिकारियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने नवगठित टीम को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएँ देते हुए आशा व्यक्त की कि इंटरेक्ट क्लब भविष्य में भी शिक्षा, सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करेगा।
समारोह के उपरांत विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें इंटरेक्ट क्लब के सदस्यों एवं उपस्थित अतिथियों ने विभिन्न प्रजातियों के 25 पौधे रोपित किए। सभी ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन का सामूहिक संकल्प लेते हुए प्रकृति संरक्षण का संदेश समाज तक पहुँचाने का आह्वान किया।
Comments
Post a Comment