पालघर: जिला कांग्रेस समिति के सामाजिक न्याय विभाग ने गैस सिलेंडर वितरण में अनियमितता को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।
पालघर: जिला कांग्रेस समिति के सामाजिक न्याय विभाग ने गैस सिलेंडर वितरण में अनियमितता को लेकर तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन।
अखिलेश चौबे
पालघर। तालुका के विभिन्न क्षेत्रों में घरेलू गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था में कथित अनियमितताओं को लेकर पालघर जिला कांग्रेस समिति के सामाजिक न्याय विभाग ने गुरुवार, 30 जुलाई 2026 को पालघर के तहसीलदार को विस्तृत ज्ञापन सौंपकर आम नागरिकों को हो रही परेशानियों की ओर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया। संगठन ने मांग की कि पालघर तालुका के सभी क्षेत्रों में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था एक समान बनाई जाए, ताकि किसी भी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के साथ भेदभाव न हो।
केलवा, माहीम, पालघर एवं मुरबे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को लगभग 25 दिन पूरे होने पर नए गैस सिलेंडर की बुकिंग एवं वितरण की सुविधा मिल जाती है, जबकि सातपाटी क्षेत्र के उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए लगभग 45 दिनों तक प्रतीक्षा करनी पड़ती है। इस असमान व्यवस्था के कारण शिरगांव एवं सातपाटी क्षेत्र के नागरिकों में असंतोष व्याप्त है तथा उन्हें दैनिक जीवन में गंभीर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
पालघर जिला कांग्रेस समिति के सामाजिक न्याय विभाग ने अपने ज्ञापन के माध्यम से तहसीलदार से मांग की कि जिस प्रकार केलवा, माहीम, पालघर और मुरबे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को 25 दिन के अंतराल पर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाता है, उसी प्रकार सातपाटी क्षेत्र के गैस वितरकों को भी प्रशासन आवश्यक निर्देश जारी करे, ताकि वहां के उपभोक्ताओं को भी 25 दिन के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके और वितरण व्यवस्था में व्याप्त असमानता समाप्त हो।
यह ज्ञापन पालघर जिला सामाजिक न्याय विभाग के अध्यक्ष असद एम. अमीन चुनावाला के नेतृत्व में सौंपा गया। इस अवसर पर पालघर कांग्रेस के तालुका कार्याध्यक्ष रोशन पाटील, शेतकरी खरीद-विक्री संघ के अध्यक्ष भरत राऊत, पूर्व नगराध्यक्ष एवं पूर्व शहर अध्यक्ष मनोहर दांडेकर, रजक मिश्रा, शैला ताई, भटनागरजी सहित कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कांग्रेस पदाधिकारियों ने कहा कि यदि गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था में व्याप्त अनियमितताओं को शीघ्र दूर नहीं किया गया तो आम नागरिकों की समस्याओं को लेकर आगे भी लोकतांत्रिक माध्यम से आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई करते हुए पालघर तालुका के सभी क्षेत्रों में समान एवं पारदर्शी गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था लागू करने की मांग की।
Comments
Post a Comment