पालघर; विक्रमगढ़ में ‘विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी अभियान’ के तहत मनरेगा विकास कार्यों का शुभारंभ।
पालघर; विक्रमगढ़ में ‘विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी अभियान’ के तहत मनरेगा विकास कार्यों का शुभारंभ।
अखिलेश चौबे
पालघर। केंद्र सरकार द्वारा 1 जुलाई 2026 से देशभर में शुरू किए गए ‘विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी अभियान (ग्रामीण) (VB-GRAMG)’ के तहत पालघर जिले के विक्रमगढ़ तहसील स्थित डोल्हारी बुद्रुक, खोमारपाड़ा में गुरुवार को विभिन्न मनरेगा विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन, आजीविका के स्थायी साधनों का विकास और टिकाऊ ग्रामीण विकास को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में जिला परिषद पालघर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी मनोज रानडे ने लाभार्थियों के विभिन्न विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इस दौरान जिवब लक्ष्मण टोकरे के कुक्कुट पालन शेड, बिखरी हुई पद्धति से वृक्षारोपण कार्य, सुनील कान्हा टोकरे के गोठा (पशुशाला) तथा अजय अर्जुन टोकरे के गोठा निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर उप जिला कार्यक्रम समन्वय अधिकारी (मनरेगा) अतुल पारसकर सहित तालुका स्तर के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि ‘विकसित भारत-रोजगार एवं आजीविका गारंटी अभियान’ के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अधिक अवसर उपलब्ध कराने, स्थायी आजीविका के साधनों का विकास, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण तथा टिकाऊ विकास कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया जाएगा। अभियान के माध्यम से आधुनिक तकनीक का उपयोग, योजनाओं का पारदर्शी क्रियान्वयन, ग्रामसभा की भागीदारी से विकास योजनाएं तैयार करना तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को अधिक मजबूत बनाना प्रमुख लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
अभियान के अंतर्गत गोठा (पशुशाला), कुक्कुट पालन शेड, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, खेत तालाब जैसी रोजगारपरक एवं स्थायी परिसंपत्तियों के निर्माण को प्राथमिकता दी जाएगी। इससे ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के साथ-साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
कार्यक्रम के दौरान विकास कार्यों का प्रत्यक्ष शुभारंभ होने से लाभार्थियों में उत्साह और संतोष का माहौल दिखाई दिया। उपस्थित अधिकारियों और ग्रामीणों ने विश्वास व्यक्त किया कि इस अभियान से ग्रामीण विकास को नई गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत होगी।
Comments
Post a Comment