पालघर: सेंट फ्रांसिस स्कूल, गुंदले में इंटरैक्ट क्लब गठन की पहल, सेवा एवं नेतृत्व विकास को मिलेगा नया मंच।

पालघर: सेंट फ्रांसिस स्कूल, गुंदले में इंटरैक्ट क्लब गठन की पहल, सेवा एवं नेतृत्व विकास को मिलेगा नया मंच।

अखिलेश चौबे 
पालघर। जिले के बोईसर अंतर्गत गुंदले स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सेंट फ्रांसिस स्कूल में शनिवार को रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर के तत्वावधान में विद्यालय में इंटरैक्ट क्लब के गठन तथा उसकी भावी गतिविधियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 विद्यार्थियों के साथ विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर सामाजिक सेवा एवं नेतृत्व विकास की दिशा में अपनी रुचि प्रदर्शित की।

कार्यक्रम में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर के अध्यक्ष राम नारायण गोयल, वर्ष 2026-27 के रीगल प्रेसिडेंट डॉ. प्रवीण वैश्य तथा यूथ सर्विस डायरेक्टर एवं पूर्व अध्यक्ष डॉ. पराग कुलकर्णी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विद्यालय की मैनेजर सिस्टर ह्यूगो ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। कार्यक्रम का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन विद्यालय की समन्वयक हेमंती गांगुली ने किया।

बैठक को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता डॉ. पराग कुलकर्णी ने विद्यार्थियों को रोटरी इंटरनेशनल तथा इंटरैक्ट क्लब के उद्देश्यों, कार्यप्रणाली एवं सामाजिक महत्व की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटरैक्ट क्लब केवल एक छात्र संगठन नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, सेवा भावना, अनुशासन, व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा टीम भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाते हुए सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर राम नारायण गोयल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि सेवा, अनुशासन और नैतिक मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए कार्य करेगी तो देश का भविष्य और अधिक उज्ज्वल होगा। वहीं डॉ. प्रवीण वैश्य ने विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने तथा सामाजिक एवं मानवीय सेवा गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।

बैठक के दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारियों के बीच इंटरैक्ट क्लब के गठन एवं उसके माध्यम से विभिन्न सामाजिक सेवा परियोजनाओं के नियमित संचालन पर विस्तृत चर्चा हुई। इसमें पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, रक्तदान जागरूकता, आपदा प्रबंधन जागरूकता सहित अनेक जनहितकारी कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर पर नियमित रूप से संचालित करने की योजना बनाई गई। चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से विद्यालय में शीघ्र ही इंटरैक्ट क्लब की स्थापना करने का निर्णय लिया गया।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की मैनेजर सिस्टर ह्यूगो ने सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात अतिथियों के लिए अल्पाहार की व्यवस्था की गई।
यह कार्यक्रम विद्यार्थियों में सेवा, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं सकारात्मक नागरिकता की भावना विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायी पहल साबित हुआ। विद्यालय में प्रस्तावित इंटरैक्ट क्लब के माध्यम से भविष्य में विभिन्न सामाजिक एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई गई।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।