पालघर: मोखाडा उपजिला अस्पताल ने एंबुलेंस से जुड़े वायरल दावे को बताया भ्रामक, प्रशासन ने जारी किया घटनाक्रम।

पालघर: मोखाडा उपजिला अस्पताल ने एंबुलेंस से जुड़े वायरल दावे को बताया भ्रामक, प्रशासन ने जारी किया घटनाक्रम।

अखिलेश चौबे 
पालघर।‌ जिले के मोखाडा उपजिला अस्पताल में मृत नवजात शिशु के शव को घर पहुंचाने के लिए एंबुलेंस उपलब्ध नहीं कराए जाने संबंधी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो और दावों को लेकर प्रशासन ने आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी किया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही जानकारी अधूरी, भ्रामक और वास्तविक घटनाक्रम से अलग है।
प्रशासन द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, संबंधित महिला को 2 जुलाई 2026 को सुबह 9 बजे प्रसव के लिए उपजिला अस्पताल, मोखाडा में भर्ती कराया गया था। उसी दिन दोपहर 2:20 बजे महिला ने सुरक्षित रूप से 2.275 किलोग्राम वजन के एक पुत्र को जन्म दिया। जन्म के तुरंत बाद नवजात ने सामान्य रूप से रोकर प्रतिक्रिया दी और आवश्यक चिकित्सकीय जांच के बाद उसे उसकी मां को सौंप दिया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, 3 और 4 जुलाई 2026 को मां और नवजात की नियमित स्वास्थ्य जांच की गई, जिसमें दोनों की स्थिति सामान्य और संतोषजनक पाई गई।
हालांकि, 4 जुलाई की रात लगभग 9 बजे परिजनों ने चिकित्सा कर्मियों को जानकारी दी कि नवजात ठीक से दूध नहीं पी रहा है। सूचना मिलते ही चिकित्सा अधिकारी और वरिष्ठ नर्सिंग स्टाफ ने तत्काल जांच की। जांच में नवजात के रक्त में शुगर का स्तर कम पाया गया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार दिया गया और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 108 एंबुलेंस से उपजिला अस्पताल, जव्हार रेफर किया गया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में ही नवजात की मृत्यु हो गई। इसके बाद एंबुलेंस को तुरंत वापस उपजिला अस्पताल, मोखाडा लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद नवजात को मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन ने बताया कि पुलिस की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया और बयान दर्ज किए जाने के बाद नवजात का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके पश्चात अस्पताल की अपनी एमएच-48-सीबी-5816 नंबर की एंबुलेंस से परिजनों को उनके पांगरी स्थित गांव तक सुरक्षित पहुंचाया गया।
अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मृत नवजात के शव को घर ले जाने के लिए एंबुलेंस देने से इनकार करने का सोशल मीडिया पर किया जा रहा दावा पूरी तरह गलत, भ्रामक और तथ्यों से परे है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अपुष्ट या अधूरी जानकारी पर विश्वास करने से पहले संबंधित विभाग द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी का अवश्य संज्ञान लें।

Comments

Popular posts from this blog

पालघर: बोईसर में दर्दनाक सड़क हादसा; स्कूटी सवार महिला की मौके पर मौत, टक्कर की परिस्थितियां अस्पष्ट।

पालघर: यू.एस.ओस्तवाल इंग्लिश अकादमी स्कूल में रोटरी क्लब ऑफ बोईसर तारापुर की नशामुक्ति जागरूकता पहल।

पालघर: चिन्मया विद्यालय कक्षा 10वीं में 100% परिणाम के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन।शारन्या माबियन ने 99.60% अंक लाकर किया कमाल, चिन्मया विद्यालय में बनीं टॉपर।