पालघर: जिले में मानसून की स्थिति पर पालकमंत्री गणेश नाईक की नजर, प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज करने के निर्देश।
पालघर: जिले में मानसून की स्थिति पर पालकमंत्री गणेश नाईक की नजर, प्रशासन को राहत एवं पुनर्वास कार्य तेज करने के निर्देश।
अखिलेश चौबे
पालघर। जिले में लगातार हो रही भारी वर्षा और मानसूनी परिस्थितियों को देखते हुए पालकमंत्री गणेश नाईक लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने जिला कलेक्टर डॉ. इंदू रानी जाखड़ से नियमित समीक्षा कर प्रभावित नागरिकों को तत्काल राहत, आवश्यक सुविधाएं एवं पुनर्वास कार्य प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए हैं।
पालकमंत्री ने अतिवृष्टि से क्षतिग्रस्त सड़कों, पुलों, सार्वजनिक आधारभूत संरचनाओं तथा अन्य नुकसान का शीघ्र सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश सार्वजनिक निर्माण विभाग और जिला परिषद के संबंधित अधिकारियों को दिए हैं, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में यातायात एवं जनजीवन जल्द सामान्य हो सके।
मानसून जनित घटनाओं में तीन नागरिकों की मृत्यु पर उन्होंने गहरा शोक व्यक्त करते हुए शोकाकुल परिवारों को शासन के नियमानुसार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही राहत शिविरों में रह रहे लोगों को भोजन, पेयजल, दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराने तथा घर लौटने के बाद भी उनकी सुरक्षा और आवश्यकताओं पर लगातार निगरानी रखने के लिए प्रशासन को निर्देशित किया।
पालकमंत्री गणेश नाईक ने जिले में बचाव एवं राहत कार्य में जुटे जिला प्रशासन, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ), अग्निशमन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, आपदा प्रबंधन विभाग, ग्राम पंचायतों, स्थानीय स्वयंसेवकों एवं नागरिकों के समर्पित कार्य की सराहना करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाए रखकर सतर्कता के साथ कार्य करने और प्रभावित नागरिकों को शीघ्र राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
Comments
Post a Comment